रायसेन में बूंदाबांदी से राहत तो किसानों की बढ़ी चिंता: 4 अप्रैल तक बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट; कटाई के बीच फसल बचाने में जुटे किसान – Raisen News

रायसेन में बूंदाबांदी से राहत तो किसानों की बढ़ी चिंता:  4 अप्रैल तक बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट; कटाई के बीच फसल बचाने में जुटे किसान – Raisen News




रायसेन जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बुधवार शाम करीब 4 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम को हुई बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को राहत मिली। इस दौरान तेज हवाएं भी चलती रहीं, जिससे मौसम का असर और बढ़ गया। कटाई के बीच किसानों की बढ़ी परेशानी
इस समय खेतों में फसल कटाई का काम तेजी से चल रहा है। अधिकांश फसलें पककर तैयार हैं, जबकि कई जगह कटी हुई फसल खेतों में ही रखी है। ऐसे में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बदलते मौसम को देखते हुए किसान अपनी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगे हैं, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके। 4 अप्रैल तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पहले ही 4 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई थी। अब रायसेन सहित प्रदेश के कई जिलों में 4 अप्रैल तक अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बदलते मौसम के कारण आम जनजीवन और खेती दोनों प्रभावित हो रहे हैं। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।



Source link