मंडला जिले में मवई-कुढ़ेला सड़क निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें प्रभारी कार्यपालन यंत्री, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) और उपयंत्री शामिल हैं। मध्यप्रदेश शासन, लोक निर्माण विभाग के उप सचिव ने इनके निलंबन के आदेश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार, लगभग 35 किलोमीटर लंबी मवई-कुढ़ेला मार्ग का उन्नयन कार्य करीब 67 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा था। जांच में इस निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां और लापरवाही सामने आई थीं। इन अनियमितताओं के चलते संबंधित ठेका कंपनी को पहले ही मुख्य अभियंता द्वारा ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था। निलंबित अधिकारियों में पीडब्ल्यूडी के प्रभारी कार्यपालन यंत्री जी.एस. भलावी, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी संजय कुमार द्विवेदी और उपयंत्री (उपसंभाग बिछिया) विकास मरकाम शामिल हैं। इन पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान भोपाल से मुख्य अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग) आनंद प्रकाश राणे और अधीक्षण यंत्री योगेश कुमार सिंह की एक टीम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की थी। जांच में डामर (बिटुमिन) की परत निर्धारित मानकों से कम पाई गई। इसके अतिरिक्त, सीसी (कंक्रीट) की कोर कटिंग में भी कई खामियां सामने आईं। निलंबन अवधि के दौरान तीनों अधिकारियों का मुख्यालय मुख्य अभियंता कार्यालय, सागर निर्धारित किया गया है। यह कार्रवाई लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों के बाद की गई है।
Source link