मंडला जिले के अंजनिया क्षेत्र में मृत गाय के अवशेष काटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह घटना बम्हनी थाना अंतर्गत चौकी अंजनिया क्षेत्र के नरैनी जंगल में हुई। 3 अप्रैल को हिरनाही टोला निवासी पशु मालिक मुकेश उइके की गाय की मौत हो गई थी। उसने गाय के शव को दफनाने के लिए सगौना वाड़ी खेल मैदान के पास रखा था। इसी दौरान दो व्यक्तियों ने मृत गाय को काटकर उसका मांस निकाल लिया और अवशेषों को जंगल में क्षत-विक्षिप्त हालत में छोड़ दिया। घटना का एक वीडियो किसी राहगीर द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। सूचना मिलते ही चौकी अंजनिया और हिरदेनगर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का नियमानुसार निस्तारण कराया। इन्हें किया गिरफ्तार वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। 4 अप्रैल को हिरनाही टोला से मुकेश दोहरे (निवासी छिवलाटोला) और द्वारका प्रसाद चौधरी (निवासी हर्राभाट, छिवलाटोला) को गिरफ्तार कर लिया गया। गौमांस बेचने के लिए की वारदात चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गौमांस बेचने के उद्देश्य से घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने वातावरण प्रदूषित करने और संक्रमण रोग फैलाने के आरोप में दोनों के खिलाफ धारा 271 और 280 बीएनएस में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Source link