राजगढ़ में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक में काम की धीमी प्रगति पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) डॉ. इच्छित गढ़पाले ने नाराजगी व्यक्त की। बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई बैठक में उन्होंने 11 नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किए। बैठक के दौरान राजगढ़, नरसिंहगढ़, सारंगपुर, पचौर, खिलचीपुर, तलेन, बोड़ा, कुरावर और खुजनेर सहित अन्य नगरीय निकायों में अभियान के तहत अपेक्षित कार्य न होने का खुलासा हुआ। इस पर सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। डॉ. गढ़पाले ने जल गंगा अभियान के तहत कुओं के पुनर्जीवन, गहरीकरण, हैंडपंपों के सुधार व रखरखाव, जल स्रोतों से गाद निकालने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता से करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक नगरीय निकाय में ‘अमृत मित्र’ बनाने और एक सप्ताह के भीतर अधिक से अधिक स्थानों पर पेयजल प्याऊ स्थापित करने के भी निर्देश दिए। सीईओ डॉ. गढ़पाले ने सभी विभागों को अभियान के कार्यों को समय पर पूरा करने और जनभागीदारी से इसे सफल बनाने को कहा। उन्होंने प्रत्येक कार्य के पहले और बाद के फोटो लेने तथा अभियान की जानकारी को समय-समय पर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने पर भी जोर दिया।
Source link