Last Updated:
क्रिकेट के मैदान पर दुनिया के चार ऐसे क्रिकेटर हुए हैं जिन्होंने अपने ऑलराउंड खेल से एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया है जो अद्भुत है. ये रिकॉर्ड है एक वनडे मैच में शतक लगाने के साथ गेंदबाजी के दौरान पांच विकेट लेने का. आइए जानते हैं ऐसे ही पांच धाकड़ खिलाड़ियों के बारे में.
वनडे में शतक और 5 विकेट लेने वाले खिलाड़ी
नई दिल्ली: आज के मौजूदा समय में उन खिलाड़ियों की सबसे ज्यादा मांग है जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दोनों में ही महारत रखता हो. ऐसे खिलाड़ी को ऑलराउंडर कहा जाता है. हालांकि, ऐसे खिलाड़ियों की संख्या काफी कम होती है, लेकिन वर्ल्ड क्रिकेट में कई ऐसे दिग्गज क्रिकेटर रहे हैं जिन्होंने अपने ऑलराउंड खेल से पूरी दुनिया में लोहा मनवाया और ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिनका टूट पाना काफी मुश्किल रहा है. ऐसा ही एक रिकॉर्ड है एक वनडे मैच में शतक लगाने के साथ गेंदबाजी में पांच विकेट लेने का. वनडे क्रिकेट के इतिहास में अभी सिर्फ चार ही खिलाड़ियों ने ये कारनामा किया है.
विव रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज)
इस लिस्ट में पहला नाम आता है वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर विव रिचर्ड्स का. वह एक मैच में शतक और पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी थे. उन्होंने 1987 में न्यूजीलैंड के खिलाफ डुनेडिन में यह ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था. इस मैच में रिचर्ड्स ने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाते हुए 113 गेंदों पर 119 रनों की धुआंधार पारी खेली. इसके बाद जब गेंदबाजी की बारी आई, तो उन्होंने अपनी ऑफ-स्पिन से कीवी बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. उन्होंने 10 ओवरों में केवल 41 रन देकर 5 विकेट झटके.
पॉल कॉलिंगवुड (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज पॉल कॉलिंगवुड ने भी ये कारनामा किया है. पॉल कॉलिंगवुड ने साल 2005 में बांग्लादेश के खिलाफ नॉटिंघम में यह कारनामा किया था. कॉलिंगवुड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार 112 रन बनाए, जिसकी मदद से इंग्लैंड ने 391 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम कॉलिंगवुड की सटीक मध्यम गति की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी. उन्होंने बेहतरीन नियंत्रण दिखाते हुए मात्र 31 रन देकर 6 विकेट चटकाए. यह आज भी इंग्लैंड के किसी खिलाड़ी द्वारा वनडे में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ों में से एक है. इस मैच को इंग्लैंड ने 168 रनों के भारी अंतर से जीता था.
रोहन मुस्तफा (यूएई)
यूएई के पूर्व कप्तान रोहन मुस्तफा ने भी साल 2017 में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ अबू धाबी में यह उपलब्धि अपने नाम की थी. मुस्तफा ने सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरकर शानदार 109 रनों की पारी खेली, जिससे उनकी टीम ने एक चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया. गेंदबाजी के दौरान उन्होंने अपनी ऑफ-ब्रेक स्पिन से कहर बरपाया और मात्र 25 रन देकर 5 विकेट हासिल किए.
बास डी लीडे (नीदरलैंड)
नीदरलैंड के बास डी लीडे ने यह कारनामा 2023 के विश्व कप क्वालीफायर में स्कॉटलैंड के खिलाफ बुलावायो में किया था. यह प्रदर्शन बेहद खास था क्योंकि इसमें विश्व कप का टिकट दांव पर लगा था. पहले गेंदबाजी करते हुए डी लीडे ने 52 रन देकर 5 विकेट लिए. इसके बाद, जब टीम को जीत के लिए बड़े लक्ष्य की जरूरत थी, तो उन्होंने 92 गेंदों पर 123 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. इस प्रदर्शन की बदौलत नीदरलैंड ने न केवल मैच जीता, बल्कि भारत में हुए 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई भी किया. वह एक ही मैच में 5 विकेट और शतक बनाने वाले चौथे खिलाड़ी बने.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें