उज्जैन में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती इस साल बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। शहर का माहौल सुबह से ही “जय भीम” के नारों से गूंज उठा और टावर चौक पर स्थित उनकी प्रतिमा पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह होते ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग टावर चौक पहुंचे और बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। हर वर्ग के लोग इसमें शामिल हुए और उनके योगदान को नमन किया। श्री रविदास सेवक संघ जिला उज्जैन द्वारा भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां वक्ताओं ने बाबा साहब के संघर्ष और उनके विचारों पर विस्तार से चर्चा की और लोगों को उनके बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। भजन मंडली और भोजन प्रसादी का आयोजन इस अवसर पर बुद्ध अवंतिका कॉरपोरेशन और मित्र मंडल ने भजन मंडली का आयोजन किया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। संविधान की रक्षा और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प बैरवा महासभा द्वारा एक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इस फेरी में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रभात फेरी संत बालीनाथ मंदिर बागपुरा से शुरू होकर तीन बत्ती चौराहा और इंदिरा गांधी की प्रतिमा होते हुए टावर चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ और माल्यार्पण किया गया। महासभा के अध्यक्ष सुरेंद्र मरमट ने बताया कि इस मौके पर समाज ने संविधान की रक्षा और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया। उनके साथ महामंत्री राहुल, प्रदेश अध्यक्ष राजेश जारवाल, कुलदीप और महेश गोठवाल ने भी बाबा साहब को संविधान निर्माण में उनके योगदान के लिए याद किया। राजनीतिक स्तर पर भी दिखी सक्रियता राजनीतिक स्तर पर भी इस दिन कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारतीय जनता पार्टी के उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया और जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मंत्री गौतम टेटवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का सपना अब साकार होता नजर आ रहा है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर किए जा रहे प्रयासों को भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कालिदास अकादमी में भी हुआ आयोजन शहर की प्रसिद्ध कालिदास अकादमी में भी आंबेडकर जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Source link