‘मैं अपने बच्चों से मिलने को तरस गया, सास-ससुर को मत छोड़ना’ युवक ने दे दी जान

‘मैं अपने बच्चों से मिलने को तरस गया, सास-ससुर को मत छोड़ना’ युवक ने दे दी जान


Last Updated:

Rewa News: चंदन पारसी का ससुराल रायपुर में था. वह मूल रूप से चित्रकूट का रहने वाला था और पिछले कई साल से अपनी मां के साथ रीवा में रह रहा था. करीब 6 साल पहले उसकी शादी कंचन से हुई थी लेकिन वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद की स्थिति बनी रही.

Zoom

चंदन का परिवार पुलिस से न्याय मांग रहा है.

रिपोर्ट- शिवेंद्र सिंह बघेल, रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा के रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिले युवक की मौत हो गई. मृतक ने जहर खाकर आत्महत्या की है. युवक ने मौत से पहले सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर किया. उसने कहा कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना के चलते वह मौत को गले लगा रहा है. वीडियो में युवक कहता है, ‘मैं अपने बच्चों से मिलने के लिए तरस गया. ससुराल वाले प्रताड़ित करते हैं. मैंने चार दिनों से खाना नहीं खाया है. मैं अब अपनी जान देने जा रहा हूं. किसी भी हालत में मेरी मौत के बाद मेरे सास-ससुर को मत छोड़ना. पत्नी और बच्चों के बिना रहना कितना दर्दनाक है, उसे मैं महसूस कर रहा हूं. आज न चाहते हुए भी अपनी जान देने को मजबूर हूं. पत्नी बच्चों को मनाने जाता हूं, तो धमकी मिलती है. रोज एक चंदन मरता रहेगा.’ वीडियो शेयर करने के बाद युवक ने आत्महत्या कर ली.

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र में चंदन पारसी नाम के युवक ने वीडियो बनाकर सोमवार को सुसाइड किया. बताया जा रहा है कि चंदन का ससुराल रायपुर में था जबकि वह मूल रूप से चित्रकूट का निवासी था और पिछले कई वर्षों से अपनी मां के साथ रीवा में रह रहा था. करीब 6 साल पहले उसकी शादी कंचन पारसी से हुई थी लेकिन वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद की स्थिति बनी रही. परिजनों के अनुसार, चंदन अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने की कोशिश करता था लेकिन उसे कथित तौर पर धमकियां मिलती थीं. वहीं ससुराल पक्ष की ओर से उसपर झूठी प्रताड़ना के आरोप भी लगाए जाते रहे.

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया शव
थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने इस बारे में बताया कि चंदन पारसी का शव सीतापुर मोड़ के पास मिला था. वह घोघर में रहता था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है. शव को शव गृह में रखवाया गया है, जहां उसका पोस्टमार्टम किया जा रहा है. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों को लेकर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link