मैहर- चलती ट्रेन से गिर रही थी महिला का VIDEO: डिब्बे और प्लेटफॉर्म के बीच फंसने वाली थी, GRP-RPF जवानों ने खींचकर बचाई जान – Maihar News

मैहर- चलती ट्रेन से गिर रही थी महिला का VIDEO:  डिब्बे और प्लेटफॉर्म के बीच फंसने वाली थी, GRP-RPF जवानों ने खींचकर बचाई जान – Maihar News




मैहर जिले के रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री संतुलन खोकर पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में गिरने वाली थी। तभी वहां मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6:45 बजे ट्रेन संख्या 11754 (रीवा–इतवारी एक्सप्रेस) स्टेशन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान छिंदवाड़ा निवासी 38 वर्षीय योगिता श्रीवास ने चलती ट्रेन के पीछे वाले जनरल कोच में चढ़ने का प्रयास किया। पैर फिसलने के कारण वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर नीचे गिरने लगीं। घटना के समय जीआरपी आरक्षक दिनेश कुमार पटेल और आरपीएफ आरक्षक प्रमोद मिश्रा ड्यूटी पर तैनात थे। जैसे ही उनकी नजर गिरती हुई महिला पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उसे पकड़कर बाहर की ओर खींच लिया। जवानों की इस त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से महिला की जान बच गई। गनीमत रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। दिलचस्प बात यह है कि घटना के वक्त स्टेशन मैनेजर राजेश कुमार को प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी।स्टेशन मास्टर कामर्सियल प्राणमोहन मिश्रा एवं जीआरपी और आरपीएफ के जवान उसी शराब के नशे में धुत व्यक्ति की जांच करने वहां पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक महिला ट्रेन से गिरने लगी। शोर-शराबा सुनकर नशे में पड़ा व्यक्ति भी होश में आया और मौके से भाग निकला। स्टेशन मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि महिला यात्री जबलपुर जा रही थीं, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने दोनों जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि यदि जवान मौके पर मुस्तैद न होते, तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी।



Source link