भोपाल को कागजों में कैटल फ्री शहर घोषित किए जाने के बावजूद सड़कों पर आवारा मवेशियों की समस्या कम नहीं हो रही है। एयरपोर्ट रोड पर दो सांडों की लड़ाई में टक्कर लगने से महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी। इसी दौरान दो सांड लड़ते हुए अचानक रोड पर पहुंच गए। घटना दाता कॉलोनी के पास की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सिर पर चोट लगने के बाद भर्ती कराया, इलाज के दौरान दम तोड़ा पुलिस ने बताया कि मेघा उर्फ किरण शर्मा (44) बैरागढ़ की रहने वाली थीं। सोमवार शाम उन्हें घर पर चक्कर आ रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपने पति विवेक शर्मा से इलाज कराने के लिए कहा। विवेक उन्हें लेकर एयरपोर्ट रोड स्थित सुदिती अस्पताल पहुंचे। यहां मेघा ने इलाज कराया। दवा लेकर वह वापस घर लौटने लगीं। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास दो सांड आपस में लड़ते हुए आ गए। उन्होंने बाइक को टक्कर मार दी। मेघा के सिर में चोट लगी। इसके बाद मेघा को इलाज के लिए सुदिती अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह 6 बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज चेक नहीं किए जा सके हैं। फुटेज चेक करने पर ही पूरी घटना का खुलासा हो सकेगा। विवेक को भी घटना में चोट आई थी। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद वापस भेज दिया गया था। विवेक के बयान दर्ज किए जाने हैं। कैटल फ्री शहर, लेकिन हर जगह मवेशी घूमते दिखाई देते हैं
भोपाल नगर निगम का दावा है कि शहर कैटल फ्री है। लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में मवेशी खुलेआम घूमते नजर आते हैं। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब ये मवेशी आपस में लड़ने लगते हैं। हाल ही में ऐसी घटनाओं में कई लोग घायल हो चुके हैं। कई की मौत हो चुकी है। राह चलते लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा जोखिम उठाना पड़ रहा है।
Source link