घर के किचन से शुरू करें पापड़ का सुपरहिट बिजनेस, समझें पूरा गणित

घर के किचन से शुरू करें पापड़ का सुपरहिट बिजनेस, समझें पूरा गणित


Last Updated:

Balaghat News: अगर आप छोटे स्तर पर यह काम करना चाहते हैं, तो केवल पांच से 10 हजार रुपये तक की पूंजी के साथ काम शुरू कर सकते हैं. वहीं मुनाफे की बात करें, तो आप 30 से 40 फीसदी तक शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं.

बालाघाट. आमतौर पर घर पर बैठे-बैठे लोगों का तरह-तरह से टाइम पास हो जाता है. लोग दिनभर मोबाइल में रील्स देखते रहते हैं. वे काम करना चाहते हैं और उनकी इच्छा शक्ति भी होती है लेकिन यह तय नहीं होता कि क्या काम करें. ऐसे में आज हम आपको बता रहे हैं एक सटीक बिजनेस आइडिया, जिसे आप अपने घर के किचन में चंद घंटों की मेहनत से कर सकते हैं. इसमें लागत तो कम है लेकिन मेहनत ज्यादा होती है. दरअसल हम बात कर रहे हैं पापड़ के बिजनेस की. आप कम समय में घर चलाने लायक व्यवसाय कर सकते हैं. पापड़ बनाने का बिजनेस आपको माथापच्ची वाला लग सकता है लेकिन घर पर अपना व्यवसाय शुरू करने के लिहाज से यह एक बेहतरीन बिजनेस है. दूसरी तरफ देखा जाए, तो लोग पैकिंग वाले पापड़ से परहेज करते हैं. वे घर के और हाथों से बने हुए पापड़ खाना पसंद करते हैं. ऐसे में घर के बने हुए पापड़ की ज्यादा डिमांड आती है.

बालाघाट के मशहूर पापड़ व्यवसायी विजय जैन ने लोकल 18 को बताया कि आप बेसिक तौर पर चावल के आटे से बने पापड़ से शुरुआत कर सकते हैं. इसकी मार्केट में कीमत महज 40 से 50 रुपये होती है. वहीं आपको बेसिक मसालों की जरूरत पड़ती है. आप एक किलो पापड़ बनाना चाहते हैं, तो आपको लगभग डेढ़ घंटे का समय लग सकता है. आप धीरे-धीरे अलग-अलग किस्मों के पापड़ बना सकते हैं. आप मूंग, उड़द, साबूदाना सहित कई किस्मों के पापड़ बना सकते हैं.

छोड़ दें मार्केटिंग की टेंशन
वह बताते हैं कि उन्होंने लगभग 8 से 10 साल पहले यह व्यवसाय शुरू किया था लेकिन समय के साथ कई उतार-चढ़ाव आए और अब सुचारू रूप से बिजनेस चला रहे हैं. अगर आपको इसकी मार्केटिंग की चिंता है, तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं है. पहले तो आप अपने पड़ोसी और रिश्तेदारों से ऑर्डर ले सकते हैं. धीरे-धीरे आपका प्रचार-प्रसार खुद भी हो जाएगा. वहीं दूसरी तरफ आप अपने शहर की दुकानों में जाकर इसका प्रचार-प्रसार कर सकते हैं. ऐसे में आप होलसेल में दुकानदारों को भी बेच सकते हैं.

कितनी लागत और कितना मुनाफा?
अगर आप छोटे स्केल पर यह काम करना चाहते हैं, तो महज पांच से 10 हजार रुपये तक की पूंजी के साथ काम शुरू कर सकते हैं. वहीं इसमें मुनाफे की बात करें, तो आप 30 से 40 प्रतिशत तक शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं. मौजूदा समय में पापड़ की बढ़ती डिमांड इस पारंपरिक काम को एक आधुनिक और सुपरहिट स्टार्टअप में बदल देती है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link