शहर में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो 41 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 24.6 डिग्री हो गया है। सुबह-शाम की आर्द्रता में गिरावट के कारण दिन के साथ-साथ रात में भी उमस और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। दिनभर तेज धूप के चलते लोग बेहाल रहे।मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। दरअसल दक्षिण-पूर्व राजस्थान से मणिपुर तक फैला पूर्व-पश्चिम ट्रफ और उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण शहर के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। इसके साथ ही उत्तर-दक्षिण ट्रफ भी क्षेत्र से गुजर रहा है, जिससे वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है। इन सिस्टमों के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटों के दौरान आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। दोपहर और शाम के समय बादल छाने, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
Source link