अक्षय तृतीया पर भिंड में गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह: माता-पिता ने बेटियों के हाथ पीले कर कन्यादान की रस्म निभाई, समाजजनों ने दिए उपहार – Bhind News

अक्षय तृतीया पर भिंड में गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह:  माता-पिता ने बेटियों के हाथ पीले कर कन्यादान की रस्म निभाई, समाजजनों ने दिए उपहार – Bhind News




भिंड में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति ने तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन किया। शहर के बीएसएनएल भवन के पीछे स्थित बाबा खाटू श्याम मैरिज गार्डन में सामाजिक सौहार्द और उत्साह के साथ समारोह हुआ। सम्मेलन में समाज के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। मंडप के नीचे माता-पिता ने परंपरागत रीति से कन्यादान कर अपनी बेटियों को विदा किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में फिजूल खर्चे पर रोक लगाने के साथ एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने इसे सामाजिक सहयोग और संस्कारों का प्रतीक बताते हुए सभी नवदंपतियों को एक-एक फ्रिज देने की घोषणा की, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। तस्वीरों में देंखे शादी की झलक… अतिथि बोले- यह काम भागवत कथा के समान पुण्य
विशिष्ट अतिथि दीदी हाजी तमन्ना किन्नर गुरु ने कहा कि गरीब कन्या का विवाह कराना भागवत कथा के समान पुण्य का कार्य है। उन्होंने नवविवाहित कन्याओं को आशीर्वाद स्वरूप सोने के आभूषण भेंट किए। समिति के अध्यक्ष राजेश प्रजापति ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन दहेज जैसी कुरीतियों को समाप्त करने में सहायक हैं और समाज को संगठित करते हैं। समाजसेवी ओमप्रकाश अग्रवाल ने भी इसे सामाजिक समरसता का उदाहरण बताया। आयोजन समिति ने प्रत्येक नवदंपति को गृहस्थी का पूरा सामान, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं, भेंट की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।



Source link