उज्जैन को सबसे सुंदर और सिंहस्थ की ‘पहली रोड’ मिली, CM मोहन यादव ने किया लोकार्पण

उज्जैन को सबसे सुंदर और सिंहस्थ की ‘पहली रोड’ मिली, CM मोहन यादव ने किया लोकार्पण


Last Updated:

Ujjain News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन को विकास की नई सौगात देते हुए कोठी रोड प्रशासनिक संकुल से देवास रोड और विक्रम नगर तक नवनिर्मित मार्ग का लोकार्पण किया है. लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह 2100 मीटर लंबी सड़क ‘सिंहस्थ की पहली सड़क’ मानी जा रही है.

Zoom

सड़क का लोकार्पण करने पहुंचे सीएम मोहन यादव.

Ujjain News: उज्जैन में विकास की रफ्तार को एक नई दिशा मिली है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोठी रोड स्थित प्रशासनिक संकुल से देवास रोड और विक्रम नगर तक के मार्ग के चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य का लोकार्पण कर जनता को बड़ी सुविधा दी है. इस नवनिर्मित मार्ग को शहर की सबसे खूबसूरत सड़क बताया जा रहा है, जिसे ‘सिंहस्थ की पहली सड़क’ के रूप में पहचाना जा रहा है.

सड़क का उद्घाटन किसी बड़े उत्सव की तरह रहा. लोकार्पण के दौरान वेद पाठी बटुकों ने सस्वर मंत्रोच्चार किया, जिससे पूरा कोठी रोड संकुल क्षेत्र गूंज उठा. कार्यक्रम में झांझ, मंजीरे और डमरू वादन की प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे मार्ग के वातावरण को मंगलमय और ऊर्जावान बना दिया. मुख्यमंत्री ने इस आधुनिक मार्ग को जनता को समर्पित करते हुए शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बात कही.

कनेक्टिविटी होगी और भी मजबूत
यह सड़क परियोजना प्रशासनिक कार्यों और आम जनता की सुविधा के लिहाज से बेहद खास है. इसका मुख्य उद्देश्य कोठी रोड स्थित प्रशासनिक संकुल को सीधे देवास रोड और विक्रम नगर से जोड़ना है. इस नए लिंक के बन जाने से सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा. इससे लोगों के समय की बचत होगी और ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा.

18 करोड़ में बनी सड़क
प्रशासन ने इस मार्ग के कायाकल्प पर लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. सड़क की गुणवत्ता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है. इस पूरे मार्ग की कुल लंबाई लगभग 2100 मीटर है. सड़क की चौड़ाई को यातायात के दबाव के हिसाब से दो हिस्सों में तैयार किया गया है. इसमें पहला प्रशासनिक संकुल से देवास रोड तक सड़क की चौड़ाई 18 मीटर रखी गई है. दूसरा प्रशासनिक संकुल से विक्रम नगर तक इसे 24 मीटर चौड़ा बनाया गया है.

यातायात में आएगा बड़ा बदलाव
इस सड़क के चौड़ीकरण से उज्जैन का यातायात न केवल सुगम होगा, बल्कि यह अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित भी हो जाएगा. आने वाले सिंहस्थ मेले और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ नियंत्रण और वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए यह मार्ग एक मजबूत रीढ़ की हड्डी की तरह काम करेगा. बेहतर लाइट व्यवस्था और सुंदर डिवाइडर के साथ यह मार्ग अब उज्जैन की नई पहचान बन चुका है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link