दमोह के कचौरा बाजार में ट्रांसफार्मर में आग: नीचे बैठे स्ट्रीट वेंडर ने भागकर बचाई अपनी जान – Damoh News

दमोह के कचौरा बाजार में ट्रांसफार्मर में आग:  नीचे बैठे स्ट्रीट वेंडर ने भागकर बचाई अपनी जान – Damoh News




दमोह के घंटाघर से राय चौराहे जाने वाले मार्ग पर स्थित कचौरा बाजार के पास रविवार रात एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। ट्रांसफार्मर के नीचे बैठे दुकानदारों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई, जिन्होंने लाइन बंद कर आग बुझाने का काम शुरू किया। जानकारी के अनुसार, कचौरा बाजार में सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर के पास यह ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। रात करीब 8 बजे ट्रांसफार्मर से अचानक जोरदार आवाज आई और उसमें आग लग गई। ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे कई सब्जी विक्रेता और मिट्टी के गुड्डे-गुड़िया बेचने वाले दुकानदार अपनी दुकानें लगाकर बैठे थे। पहले वे वहीं बैठे रहे, लेकिन जब आग की चिंगारियां नीचे गिरने लगीं, तो वे अपनी दुकानें समेटकर जान बचाकर भागे। गनीमत रही कि दुकानदार समय रहते वहां से हट गए, अन्यथा कई लोग आग की चपेट में आ सकते थे। रविवार रात जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय अक्षय तृतीया पर्व के चलते बाजार में सैकड़ों लोगों की भीड़ खरीदारी करने पहुंची थी। इन दुकानदारों के सड़क पर बैठने से प्रतिदिन जाम की स्थिति भी बनती है। रविवार रात ट्रांसफार्मर में लगी आग से कई दुकानदार और राहगीर इसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था।



Source link