फलदान कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग: वीडियो सामने आने पर दूल्हे पर केस दर्ज, मां के नाम लाइसेंस, आज निकलनी है बारात – Shivpuri News

फलदान कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग:  वीडियो सामने आने पर दूल्हे पर केस दर्ज, मां के नाम लाइसेंस, आज निकलनी है बारात – Shivpuri News




शिवपुरी जिले के कड़ेसरा गांव में शादी से पहले फलदान कार्यक्रम में हर्ष फायर करना एक युवक को महंगा पड़ गया। डीजे पर डांस के दौरान बंदूक से हवाई फायर का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हुआ। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ शनिवार रात एफआईआर दर्ज की है। उसकी बारात आज रविवार को निकलनी है। कड़ेसरा गांव निवासी ममलेश यादव पुत्र आशाराम यादव के घर 17 अप्रैल को फलदान कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान ममलेश यादव ने डीजे पर डांस करते हुए बंदूक से हवाई फायर किए। इस घटना का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। बताया जा रहा ममलेश यादव की बारात 19 अप्रैल को जानी है और शादी का कार्यक्रम तय है। हालांकि, इस कानूनी कार्रवाई के कारण शादी से पहले ही दूल्हा मुश्किल में पड़ गया है। जिस बंदूक से हर्ष फायर किया गया, वह आरोपी की मां सुमत यादव के नाम पर लाइसेंसी है। तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर ममलेश यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/26 के तहत धारा 110 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस शस्त्र जब्त करने और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।



Source link