Last Updated:
MP Ka Masuam Live: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मिलाजुला मौसम देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने आज (रविवार) 6 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. अप्रैल माह में दूसरी बार बारिश वाले मौसम की संभावना बन रही है.
मध्य प्रदेश में फिर बारिश की संभावना बन रही है. (फोटो- AI)
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, भोपाल. भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश में मौसम ने फिर यू-टर्न ले लिया है. गर्म हवा और तेज गर्मी के साथ कई जिलों में बादल भी छाए रहे. जहां रतलाम में पारा 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, तो भोपाल में बादल छाए रहे. निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिले में आज (रविवार) लू का अलर्ट है. वहीं मौसम विभाग (IMD) की ओर से 6 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है. अप्रैल में दूसरी बार बारिश वाले मौसम की संभावना बन रही है. वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई जगहों पर आज लू का अलर्ट है. पारा 44°C तक पहुंचने की संभावना है. राजधानी में पहले ही पारा 43 डिग्री पार कर चुका है. भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं. प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 45°C दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में लू की चेतावनी जारी की है. अगले दो दिनों तक राहत नहीं मिलेगी. गर्म हवाएं 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी. दो दिन बाद हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं. फिलहाल गर्मी का कहर जारी है.
मौसम विभाग से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन के एक्टिव होने से देश के लगभग 13 राज्यों में मौसम अचानक बदला है. इसका असर खासतौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में देखने को मिल रहा है, जहां गर्मी अपने चरम पर है लेकिन बीच-बीच में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से लोगों को थोड़ी राहत भी मिल रही है. यह मौसम का अनोखा मेल है, जहां पहाड़ों पर बर्फबारी की खबर है, तो वहीं मैदानी इलाकों में लू चल रही है.
दिल्ली-एनसीआर में मौसम की करवट
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम ने करवट ली और बारिश हुई लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई और अब फिर से गर्मी बढ़ने लगी है. वहीं पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण के कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान और बारिश का खतरा बना हुआ है. कुल मिलाकर देशभर में मौसम का पैटर्न एक जैसा नहीं है बल्कि हर प्रदेश में अलग-अलग हालात देखने को मिल रहे हैं, जो इस समय की स्थिति को और ज्यादा चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं.
पूर्वोत्तर भारत में तूफान का खतरा
मौसम के लिहाज से पूर्वोत्तर भारत में अगले 48 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं. इस दौरान पूरे क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और मिजोरम जैसे राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.