MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज धार दौरे पर रहेंगे. वह ग्राम सिरसोदिया में कन्या विवाह सामूहिक सम्मेलन में शामिल होंगे. इस मौके पर 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे. सीएम मोहन यादव प्रसिद्ध जैन तीर्थ मोहनखेड़ा में साधको के बहुमान कार्यक्रम में भी शामिल होंगे.
भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन नोटिफिकेशन जारी
भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन नोटिफिकेशन जारी हो गया है. यह 12098 वर्ग किमी तय हुआ है. भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, राजगढ़ और नर्मदापुरम के कुल 2510 गांव जुड़ेंगे.
सीहोर का 50%, नर्मदापुरम का 7% हिस्सा ही इसमें शामिल होगा. सीहोर के 599, भोपाल के 527, रायसेन के 408, विदिशा के 191 और नर्मदापुरम के 87 गांव शामिल होंगे. भोपाल जिले तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि आसपास के आधा दर्जन जिले इसमें शामिल होंगे.
भोपाल में जमीन के नीचे सुरंग बनाने का काम शुरू
भोपाल में मेट्रो परियोजना के तहत अब जमीन के नीचे सुरंग बनाने का काम शुरू हो गया है. यह काम 30 मार्च 2026 से भोपाल रेलवे स्टेशन के पास टनल बोरिंग मशीन (TBM) की मदद से किया जा रहा है. अभी पहली मशीन दुर्गावती ने करीब 7 मीटर अस्थायी और 3.3 मीटर पक्की सुरंग बना ली है. दूसरी मशीन भी जल्द शुरू की जाएगी. यह सुरंग जमीन से लगभग 24 मीटर (करीब 75 फीट) नीचे बनाई जा रही है, जिससे ऊपर रहने वाले लोगों को ज्यादा कंपन या परेशानी नहीं होगी. पूरे काम पर आधुनिक तकनीक से लगातार नजर रखी जा रही है और सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा है. पहली बार इस तरह की दो मशीनों से टनल बनाई जा रही है. यह टनल ऐशबाग से सिंधी कॉलोनी के बीच बनेगी और भोपाल रेलवे स्टेशन और नादरा बस स्टैंड जैसे अहम जगहों को जोड़ेगी.
ग्वालियर में फर्जी निकली सोने की लूट
ग्वालियर में एक युवती से लूट का मामला सामने आया था. युवती का नाम शेजल सिकरवार है. उसने पुलिस को बताया था कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके साथ लूट की है. उसका 15 लाख रुपये का सोना लूट लिया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि शेजल सिकरवार ने ही लूट कराई थी. नाबालिग भाई और उसके दोस्त से लूट कराई थी. लूट का ड्रामा रचने के बाद वह थाने पहुंची थी. उसने बहोड़ापुर तिराहा पर सोना लुटने की शिकायत की थी. पुलिस ने युवती के नाबालिग भाई और साथी को पकड़ा. शेजल सोने का बीमा क्लेम और सोना हड़पना चाहती थी. युवती पर पहले से चाकूबाजी का एक मामला दर्ज है.
अक्षय तृतीया पर 20 हजार से ज्यादा विवाह
मध्य प्रदेश में आज अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर 20 हजार से ज्यादा विवाह होंगे. इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में अलग-अलग आयोजन होंगे. उज्जैन में बड़ा सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा. यहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल होंगे.
उज्जैन में बदला स्कूलों का समय
उज्जैन में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय बदला गया है. नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों की क्लासेज़ अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगी.
महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी का कांग्रेस के खिलाफ अभियान
महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर मध्य प्रदेश बीजेपी विपक्ष को घेरेगी. कांग्रेस के खिलाफ 10 दिनों तक अभियान चलेगा. जमीनी स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे. लोकसभा और विधानसभा स्तर पर कांग्रेस को घेरने की रणनीति बनाई जा रही है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इस संबंध में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. बीजेपी कांग्रेस की महिला विरोधी नीति जनता को बताएगी.
सीएनजी टैंकर ने बच्चों को रौंदा, एक मासूम की मौत
भोपाल में एक सीएनजी के टैंकर ने मासूमों को रौंद दिया. टैंकर चालक की लापरवाही से एक मासूम की जान चली गई. वहीं चार से ज्यादा बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं. पीड़ित परिवार खुले में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे. घायल बच्चों का पीपुल्स अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया. थाना छोला मंदिर इलाके की यह घटना है. पुलिस जांच में जुटी.