आगर मालवा जिले में सोमवार सुबह बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर के पास कसाई देहरिया मार्ग पर एक बरगद के पेड़ से एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। एक राहगीर ने पेड़ पर शव लटका देखा और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पेड़ के पास एक हैंड बैग मिला। इसमें तांबे का लोटा, कुछ बिल-पत्र और पूजन सामग्री रखी हुई थी। मृतक की चप्पल भी पास में पड़ी मिली। इन वस्तुओं से मृतक के धार्मिक गतिविधियों से जुड़े होने का अंदेशा है। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह एक दिन पहले ही बैजनाथ महादेव मंदिर परिसर में आया था और उसने साधु जैसे वस्त्र पहन रखे थे। हालांकि, उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
Source link