मेडिकल कॉलेज में मरीज के परिजनों से अभद्रता, VIDEO: स्टाफ पर मोबाइल छीनने और धक्का-मुक्की का आरोप – Shahdol News

मेडिकल कॉलेज में मरीज के परिजनों से अभद्रता, VIDEO:  स्टाफ पर मोबाइल छीनने और धक्का-मुक्की का आरोप – Shahdol News




शहडोल के शासकीय बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में मरीज के परिजनों के साथ रविवार रात अभद्रता हुई। परिजनों ने मेडिकल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही, मोबाइल छीनने और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। इस घटना का एक वीडियो सोमवार को सामने आया है। पीड़ित परिजनों ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, उमरिया जिले के सलैया निवासी संजय यादव रविवार रात अपने एक साथी के साथ बाइक से बहन की शादी के कार्ड बांटने ससुराल जा रहे थे। हर्री टोल प्लाजा के पास एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें सोमवार को शहडोल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां वार्ड नंबर 8 में उनका उपचार चल रहा था। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान संजय की हालत बिगड़ने लगी और उन्हें अधिक रक्तस्राव होने लगा। इस पर उनकी सास सावित्री यादव ने मेडिकल स्टाफ से तत्काल उपचार की गुहार लगाई। आरोप है कि मदद करने के बजाय मेडिकल स्टाफ ने परिजनों से बहस की और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मोबाइल छीनने का प्रयास किया घटना के दौरान मौजूद संजय के साले शिवा यादव ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करना शुरू किया। इससे नाराज होकर मेडिकल स्टाफ ने कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की की और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड पर भी अभद्रता करने के आरोप लगे हैं, जिससे मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित पक्ष ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जांच रिपोर्ट के बाद करेंगे कार्रवाई मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉक्टर नागेन्द्र सिंह ने कहा कि मामले की शिकायत मिली है। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link