Last Updated:
MP Top News Today: मध्य प्रदेश के हर कोने से ताजा खबरों के लिए News18 से जुड़े रहें. यहां आपको राजनीतिक हलचल, क्राइम, प्राकृतिक आपदाएं, स्थानीय विकास तक हर क्षेत्र की बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें मिलेंगी.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टॉप न्यूज.
MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
जन आक्रोश रैली में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज भाजपा की जन आक्रोश रैली में शामिल होंगे. वह इनडोर स्टेडियम में आयोजित आक्रोश रैली में शाम 4 बजे शामिल होंगे. सीएम शाम 5.30 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में भी शामिल होंगे. मुख्यमंत्री शाम 7 बजे बिलासपुर जाएंगे.
शाजापुर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच पोस्टर वॉर
शाजापुर जिले में इन दिनों पोस्टर वॉर ने सियासी पारा चढ़ा दिया है. शाजापुर देवास संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और कालापीपल विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक और वर्तमान में राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव कुणाल चौधरी के बीच सोशल मीडिया पर तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है. दरअसल सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर राहुल गांधी को वांटेड बताते हुए एक पोस्ट साझा की. इस पोस्ट में उन्होंने राहुल गांधी पर नारी सशक्तिकरण के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने और भ्रम फैलाने के आरोप लगाए. पोस्ट में व्यंग्यात्मक अंदाज में ‘आखिरी बार तीर चलाते हुए देखा गया’ जैसी टिप्पणी भी की गई. इस पोस्ट के वायरल होते ही शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस विधायक और राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव कुणाल चौधरी ने पलटवार करते हुए अपने फेसबुक पर ‘मिसिंग’ पोस्टर जारी कर दिया. उन्होंने लिखा कि जो खुद अपने संसदीय क्षेत्र से गायब है और किसानों के डर से छिपा हुआ है, वही राहुल गांधी को वांटेड बता रहा है. साथ ही उन्होंने ‘गुमशुदा सांसद’ लिखे पोस्टर के जरिए जनता के विरोध को भी दर्शाया. दोनों नेताओं के बीच यह पोस्टर वॉर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और समर्थकों के बीच भी तीखी बहस छेड़ चुका है.
महिला आक्रोश सम्मेलन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज ग्वालियर, मुरैना, लखनऊ और रीवा के दौरे पर रहेंगे. वह सुबह 10.15 बजे उज्जैन से भोपाल पहुंचेंगे. सीएम सुबह 11 बजे एमवीएम कॉलेज मैदान में आयोजित महिला आक्रोश सम्मेलन में शामिल होंगे. दोपहर 2.15 बजे भोपाल से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे. दोपहर 3.30 बजे मुरैना में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. सीएम मोहन यादव शाम 4.40 बजे ग्वालियर से लखनऊ जाएंगे. शाम 5.30 बजे लखनऊ में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. शाम 7.30 बजे लखनऊ से रीवा के लिए रवाना होंगे. वह रात्रि 8.15 बजे रीवा में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. सीएम आज रात रीवा में ही विश्राम करेंगे.
फिरोजिया ट्रॉफी की विजेता टीम को एक लाख रुपये इनाम
उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ यादव ने फिरोजिया ट्रॉफी की विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद की घोषणा की. सांसद अनिल फिरोजिया के पिता की स्मृति में हर साल भूरेलाल फिरोजिया ट्रॉफी का आयोजन किया जाता है. मुख्यमंत्री इसी में सम्मिलित होने के लिए पहुंचे थे.
चौकी प्रभारी और कांस्टेबल सस्पेंड
इंदौर की भागीरथपुरा पुलिस चौकी में पुलिस की कस्टडी में मौत होने के मामले में चौकी प्रभारी और कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है. बाइक चोरी के आरोप में पकड़े गए 45 वर्षीय राम जी ने बाथरूम में जाकर फिनायल पी लिया था. राम जी ने पानी पीने के बहाने बाथरूम में जाकर फिनायल पी लिया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने चौकी प्रभारी और कांस्टेबल को सस्पेंड कर न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.