Last Updated:
Barwani News: बड़वानी में कार और टैंकर की भिड़ंत में एक दर्दनाक हादसा हो गया. इसमें 6 लोगों की मौत हो गई और एक घायल है, जिससे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. हादसे की फिलहाल जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान भी कर ली गई है और उनके परिजनों को भी पुलिस ने खबर दे दी है.
बड़वानी में हुआ भीषण सड़क हादसा
मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक बड़ा हादसा हो गया है. बताया जा रहा है कि बारात में जाने के दौरान खरगोन की ओर से आ रहे एक कार की तेज रफ्तार टैंकर से भिड़ंत हो गई. यह घटना जुलवानिया टोल टैक्स के समीप खंडवा बड़ौदा हाइवे पर हुई. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. वहीं एक को गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है और उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
डीजल लेकर कार से लौट रहे थे लोग
जुलवानिया थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल ने बताया कि ग्राम जलगौन से ग्राम रुई में बारात लेकर आए थे. एक गाड़ी में डीजल खत्म होने के कारण कार में सवार सभी लोग जुलवानिया से डीजल लेकर लौट रहे थे. इसी दौरान खरगौन की ओर से आ रहे टैंकर और कार की जबदस्त भिड़ंत हो गई. घटना के वक्त 7 लोग कार में सवार थे, जिनमें से 3 ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं दो घायलों की उपचार के दौरान जुलवानिया अस्पताल में मृत्यु हो गई और एक युवक की बड़वानी के निजी अस्पताल उपचार के दौरान मौत हुई.
हादसे में मृतकों के नाम:
1. 25 वर्षीय सचिन गोकुल वास्कले पटेल
2. 25 वर्षीय प्रद्युम गुलिचंद
3. 29 वर्षीय पप्पू हीरालाल लिंबई
4. 25 वर्षीय आकाश दयाराम रालामंडल
5. 30 वर्षीय यशवंत सुपड़िया
6. 28 वर्षीय सोहन झाबर
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
कार और टैंकर के बीच हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाकी लोग कार के अंदर फंस गए. फिर उन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.