छतरपुर में महिला ने क्लीनर को पीटा, VIDEO: गिरेबान पकड़कर एसपी ऑफिस के अंदर ले आई, 50 हजार की साड़ियां ले जाने का आरोप – Chhatarpur (MP) News

छतरपुर में महिला ने क्लीनर को पीटा, VIDEO:  गिरेबान पकड़कर एसपी ऑफिस के अंदर ले आई, 50 हजार की साड़ियां ले जाने का आरोप – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर शहर के एसपी कार्यालय के सामने उस समय हंगामा हो गया जब एक महिला ने दिल्ली से आई बस के क्लीनर को पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा। महिला का आरोप है कि वह दो दिन पहले इसी बस से दिल्ली से छतरपुर आई थी। यात्रा के दौरान उसका एक बैग गायब हो गया, जिसमें लगभग 50 हजार रुपये की साड़ियां और अन्य सामान था। महिला ने दावा किया कि बैग चोरी होने में बस क्लीनर का हाथ है, जो घटना के बाद से अपना मोबाइल बंद कर गायब हो गया था। तीन तस्वीरों में देखिए मारपीट… दोबारा छतरपुर पहुंची थी महिला महिला के अनुसार, जब उसे पता चला कि वही बस दोबारा छतरपुर पहुंची है, तो उसने एसपी कार्यालय के सामने बस को रुकवाया। महिला ने क्लीनर को पहचानकर उसका कॉलर पकड़ा और उसे सीधे एसपी कार्यालय के अंदर ले गई। इस दौरान महिला ने क्लीनर के साथ मारपीट भी की। घटना के कारण वहां भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। महिला ने बताया कि उसने दिल्ली के चांदनी चौक से महंगी साड़ियां खरीदी थीं, जो उसके गायब हुए बैग में थीं। उसने आरोप लगाया कि बस क्लीनर ने ही उसका बैग गायब किया है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्लीनर को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।



Source link