Last Updated:
मुंबई इंडियंस की टीम ने इंडियन प्रीमिय लीग 2026 में मिली लगातार चार हार के सिलसिले को खत्म किया. टीम ने 99 रन की धमाकेदार जीत दर्ज की. मैच में स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पहली बॉल पर विकेट चटकाया. ऐसा पहली बार हुआ जब पहले ओवर की पहली गेंद पर उनको विकेट मिली. इसके बारे में सवाल पूछे जाने पर हार्दिक ने मजेदार जवाब दिया.
जसप्रीत बुमराह से जुड़े सवाल पर हार्दिक पंड्या ने दिया गजब जवाब
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चार लगातार मिली हार के बाद जीत ने मुंबई इंडियंस के फैंस को राहत दी. जसप्रीत बुमराह ने आखिरकार आईपीएल 2026 में अपना विकेट खाता खोल लिया. सोमवार को अहमदाबाद में मुंबई इंडियंस के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले ही गेंद पर उन्होंने सफलता हासिल की. शुरुआती पांच मैचों में विकेट नहीं मिलने के बाद बुमराह ने पहली ही गेंद से आग उगल दी. उन्होंने खतरनाक साई सुदर्शन को पहली ही गेंद पर आउट कर खाता खोला और ओवर में सिर्फ एक रन दिया. बुमराह ने कुल मिलाकर 3 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट लिया और मुंबई इंडियंस ने 199 रन के स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया.
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या से पूछा गया कि बुमराह ने गुजरात टाइटंस की पारी के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर विकेट कैसे लिया. पंड्या ने जवाब दिया, “हां, ये काफी दिलचस्प है. मैंने कई बार लोगों को ये सवाल करते सुना है कि जसप्रीत ने कभी पहला ओवर क्यों नहीं डाला. लेकिन अगर आप देखें तो 151 मैचों में से सिर्फ आठ या नौ बार ही जसप्रीत ने पहला ओवर डाला है. तो मुझे नहीं लगता कि ये हार्दिक पंड्या की कोई समस्या है. जसप्रीत बुमराह इतने खास हैं कि आप उन्हें टीम की जरूरत के हिसाब से कहीं भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जरूरी नहीं कि शुरुआत में ही. लेकिन आज हमें लगा कि नई गेंद से असर डालना जरूरी है और उनसे बेहतर कोई नहीं.”
मुंबई इंडियंस ने 199/5 का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें तिलक वर्मा ने सिर्फ 45 गेंद में नाबाद 101 रन की धमाकेदार पारी खेली. इस पारी के साथ उन्होंने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी बराबर किया. नमन धीरो ने 45 रन की अहम पारी खेलकर टीम को शुरुआती झटकों से उबारने में मदद की.
पंड्या ने मुंबई इंडियंस की चार मैचों की हार का सिलसिला टूटने पर भी संतोष जताया. उन्होंने कहा, “बहुत जरूरी था. बाहर जाकर जीतना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है. साथ ही अहमदाबाद मुंबई इंडियंस के लिए कभी भी अच्छा मैदान नहीं रहा है, तो ये जीत बहुत संतोषजनक है.”
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने भी शानदार टीम प्रदर्शन किया. अश्वनी कुमार ने 4 विकेट लेकर 24 रन दिए, जबकि मिचेल सैंटनर और अल्लाह गजनफर ने दो-दो विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. पंड्या ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, “सही एरिया में और सही इरादे के साथ गेंदबाजी करना जरूरी था. युवाओं ने कमाल का प्रदर्शन किया और फील्डिंग भी शानदार रही.”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें