सड़क पर पड़े मुरूम के ढेर ने ली जान: खंडवा में शादी से लौट रहे 3 लोगों की बाइक टकराई; 28 वर्षीय टेलर की मौत – Khandwa News

सड़क पर पड़े मुरूम के ढेर ने ली जान:  खंडवा में शादी से लौट रहे 3 लोगों की बाइक टकराई; 28 वर्षीय टेलर की मौत – Khandwa News




खंडवा में बीड़ रोड स्थित मूंदी मंडी के पास रविवार देर रात शादी समारोह से लौट रहे 3 लोगों की बाइक अंधेरे में सड़क किनारे पड़े मुरूम (गिट्टी-मिट्टी) के ढेर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके 2 साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, वहीं हादसे के बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने सड़क निर्माण ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने की मांग की है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। मांडला गांव से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे तीनों ग्राम दैत निवासी विजय सिंह (28) पिता भभूत सिंह भिलाला गांव में ही टेलरिंग (दर्जी) का काम करता था। रविवार को वह अपने साथी राजेंद्र सिंह (35) और 12 वर्षीय सूरज सिंह के साथ ग्राम मांडला में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात जब तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी मूंदी मंडी के पास अंधेरे में सड़क किनारे पड़े मुरूम के ढेर पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। अस्पताल में टेलर ने तोड़ा दम, 2 घायलों को किया रेफर हादसा इतना तेज था कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मूंदी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान विजय सिंह ने दम तोड़ दिया। अस्पताल की डॉक्टर शिखा चंद्रवंशी ने राजेंद्र सिंह और सूरज सिंह का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। विजय सिंह की मौत के बाद उसके गांव दैत में शोक का माहौल है। बिना सुरक्षा संकेत पड़ा था ढेर, नेताओं ने की ठेकेदार पर FIR की मांग प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सड़क किनारे बिना किसी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था के मुरूम का ढेर पड़ा हुआ था। अंधेरे के कारण बाइक सवार उसे देख नहीं पाए और यह दर्दनाक हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य में भारी लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, घटना के बाद भाजपा नेता दिग्विजय सिंह तोमर और युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनिल जाधव ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज किए जाने की मांग की है। मूंदी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



Source link