उज्जैन में माइक्रोजेन हेल्थकेयर की अत्याधुनिक फैक्ट्री का ट्रायल रन: आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर, संवेदनशील क्षेत्रों के वायरस खत्म करने का हाई लेवल डिसइन्फेक्टेंट बनेगा – Ujjain News

उज्जैन में माइक्रोजेन हेल्थकेयर की अत्याधुनिक फैक्ट्री का ट्रायल रन:  आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर, संवेदनशील क्षेत्रों के वायरस खत्म करने का हाई लेवल डिसइन्फेक्टेंट बनेगा – Ujjain News




उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में माइक्रोजेन हेल्थकेयर की अत्याधुनिक फैक्ट्री में ट्रायल रन शुरू हो गया है। इस यूनिट में हाई-लेवल डिसइन्फेक्टेंट का उत्पादन किया जाएगा, जिसका उपयोग आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में खतरनाक बैक्टीरिया और वायरस को खत्म करने के लिए किया जाता है। अब तक ऐसे उत्पादों के लिए विदेशी और मल्टीनेशनल कंपनियों पर निर्भरता रही है, जिसे यह यूनिट कम करने में अहम भूमिका निभाएगी। एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने बताया कि कंपनी को करीब दो साल पहले 2.5 एकड़ भूमि आवंटित की गई थी। निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा कर फैक्ट्री का ट्रायल शुरू करना कंपनी की कार्यक्षमता और औद्योगिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल निवेश के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि उज्जैन को मेडिकल डिवाइस निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में भी बड़ा कदम है। इस यूनिट में हाई-लेवल डिसइन्फेक्टेंट के अलावा अन्य उत्पादों के निर्माण की भी संभावना है। फैक्ट्री के पूर्ण रूप से शुरू होने के बाद यहां निर्मित उत्पादों का निर्यात भी किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर कंपनी के चेयरमैन दिलीप पारिक और डायरेक्टर डॉ. आर.के. फरीदी मौजूद रहे। फैक्ट्री शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। मेडिकल डिवाइस पार्क में फिलहाल 18 अन्य कंपनियों का निर्माण कार्य जारी है, जिनमें से कई इकाइयां इसी वर्ष उत्पादन शुरू करने की तैयारी में हैं। अनुमान है कि इस साल कम से कम 8 इकाइयों में उत्पादन शुरू हो जाएगा, जो मुख्य रूप से चिकित्सा उपकरण निर्माण से जुड़ी होंगी।



Source link