खंडवा-इंदौर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी धूं-धूं कर जलकर खाक हो गई। हालांकि, ड्राइवर की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। घटना सुबह करीब 10:30 बजे देशगांव क्षेत्र के भोजाखेड़ी गांव के बाहर बायपास पर हुई। जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन खंडवा से इंदौर की ओर जा रहा था। वाहन में सवार लोग इंदौर से फल-फ्रूट लाने जा रहे थे। इसी दौरान चलते वाहन से अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोकी और दरवाजा खोलकर कूद गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और आधे घंटे के भीतर पूरी पिकअप जलकर राख हो गई। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही देशगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी इंद्रजीत सिंह चौहान ने बताया कि फायर रेस्क्यू वाहन भी मौके पर पहुंचा था, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, लेकिन हाईवे पर अन्य वाहन रुकने से जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। संबंधित पिकअप वाहन वर्ष 2018 मॉडल का बताया गया है। पुलिस ने वाहन मालिक और ड्राइवर को चौकी बुलाकर मामले की जानकारी ली है और आगे की जांच जारी है।
Source link