डिवाइडर तोड़कर नहर में गिरा ट्रक, 3 की मौत: सतना में कटर से काटकर निकाले जा सके शव; 4 घंटे चला रेस्क्यू – Satna News

डिवाइडर तोड़कर नहर में गिरा ट्रक, 3 की मौत:  सतना में कटर से काटकर निकाले जा सके शव; 4 घंटे चला रेस्क्यू – Satna News




सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास बुधवार तड़के सरिया लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। इस भीषण हादसे में ट्रक सवार चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन और कटर मशीन की मदद से 4 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। क्रेन और कटर मशीन से निकाले गए शव जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और शव अंदर फंसे हुए थे। पुलिस ने पहले क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कर दो शव बाहर निकाले। तीसरा शव ट्रक की बॉडी में बुरी तरह फंसा था, जिसे निकालने के लिए कटर मशीन का उपयोग करना पड़ा। 2 मृतकों की हुई पहचान, एक अभी अज्ञात पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले 3 लोगों में से 2 की शिनाख्त हो गई है। मृतकों में मैहर जिले के ग्राम पडरी निवासी दिलीप केवट (पिता राजेश केवट) और रामगढ़ निवासी विष्णु केवट (पिता माखनलाल केवट) शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर पहुंचे अधिकारी, भीड़ से यातायात हुआ प्रभावित हादसे की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी और तहसीलदार सुजीत नागेश भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसके कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ था। बाद में पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से शवों को भिजवाकर यातायात को सुचारू कराया। देखिए घटनास्थल की तस्वीरें…



Source link