Last Updated:
Taiwan Guava Farming: ताइवान पिंक अमरूद की खेती किसानों के लिए एक ऐसा विकल्प बनकर सामने आई है, जो कम समय में ज्यादा मुनाफा देने के साथ-साथ बाजार में मजबूत पकड़ भी बनाता है. अगर सही तकनीक और देखभाल के साथ इसकी खेती की जाए, तो यह फसल किसानों की किस्मत बदल सकती है.
Taiwan Guava Farming: आज के दौर में किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर नई और उन्नत किस्मों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं. अगर कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमाना है, तो फल और सब्जियों की खेती सबसे बेहतर विकल्प मानी जाती है. इसी कड़ी में ताइवान का ‘पिंक अमरूद’ किसानों के लिए कमाई का नया जरिया बनकर उभरा है, जो अपनी बेहतर क्वालिटी और ऊंचे दाम के कारण काफी चर्चा में है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, ताइवान पिंक अमरूद एक प्रीमियम किस्म है, जिसे सबसे पहले ताइवान में विकसित किया गया था.
इसका गूदा गुलाबी, स्वाद बेहद मीठा और आकार आकर्षक होता है. बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है. यही कारण है कि यह फल अब इंटरनेशनल मार्केट में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है. इस अमरूद की सबसे खास बात ये कि जहां सामान्य फलदार पेड़ों में फल आने में कई साल लग जाते हैं, वहीं इसके पौधे में महज 6 महीने के भीतर ही फल लगने शुरू हो जाते हैं. इससे किसानों को जल्दी आमदनी मिलने लगती है और खेती का जोखिम भी कम हो जाता है.
मध्य प्रदेश में बढ़ रही खेती
खंडवा के कृषि सलाहकार नवनीत रेवापाटी बताते हैं कि निमाड़ क्षेत्र के किसान अब तेजी से इस खेती को अपना रहे हैं. मध्य प्रदेश के हरदा, खरगोन, धार, बड़वानी और बुरहानपुर जैसे जिलों में कई किसानों ने ताइवान पिंक अमरूद की खेती से शानदार मुनाफा कमाया है. कुछ किसानों ने पहले ही साल में 1 से 1.5 लाख रुपये प्रति एकड़ तक की कमाई की है.
रोपाई का सही समय
ताइवान अमरूद के पौधे की रोपाई का सही समय जुलाई से सितंबर के बीच माना जाता है. अगर किसान हाई-डेंसिटी तकनीक अपनाते हैं, तो कम जमीन में ज्यादा पौधे लगाकर उत्पादन बढ़ा सकते हैं. यही वजह है कि आधे एकड़ में भी लाखों रुपये तक की कमाई संभव हो जाती है. ताइवान पिंक अमरूद की खेती किसानों के लिए फायदेमंद इसलिए है, क्योंकि इसकी लागत के मुकाबले मुनाफा ज्यादा होता है. यह पौधा जल्दी तैयार होता है, जल्दी फल देता है और लंबे समय तक उत्पादन करता है. दो से तीन साल के भीतर इसकी कमाई 4 से 5 लाख रुपये प्रति एकड़ तक पहुंच सकती है.
100 रुपये किलो तक बिकेगा
अगर बाजार भाव की बात करें, तो यह सामान्य अमरूद से कहीं ज्यादा दाम पर बिकता है. जहां साधारण अमरूद 30 से 40 रुपये किलो बिकता है, वहीं ताइवान पिंक अमरूद 80 से 100 रुपये किलो तक आसानी से बिक जाता है. इसका साइज भी बड़ा होता है, एक फल का वजन 250 ग्राम से लेकर 700-750 ग्राम तक हो सकता है, जिससे इसकी मार्केट वैल्यू और बढ़ जाती है. पोषण के लिहाज से भी यह फल काफी फायदेमंद है. इसमें विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे इसकी मांग शहरों में बढ़ रही है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें