दूल्हे के बड़े भाई ने की आत्महत्या: एक दिन पहले वापस आई थी बारात, सल्फास खाकर दी जान – Anuppur News

दूल्हे के बड़े भाई ने की आत्महत्या:  एक दिन पहले वापस आई थी बारात, सल्फास खाकर दी जान – Anuppur News




अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। छोटे भाई की शादी के कुछ ही घंटों बाद दूल्हे के बड़े भाई ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से शादी का माहौल मातम में बदल गया। वार्ड क्रमांक 11, दफाई नंबर 3 निवासी 45 वर्षीय विजय कुमार कोरी ने अज्ञात कारणों से यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, विजय के छोटे भाई की शादी 20 अप्रैल को हुई थी और 21 अप्रैल की शाम को ही वह अपनी दुल्हन को लेकर घर लौटा था। घर में शादी की रस्में और खुशियों का माहौल था। इसी बीच, रात करीब 10:30 बजे विजय की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। जब आसपास के लोगों ने उससे पूछताछ की, तो उसने सल्फास खाने की बात स्वीकार की। अनूपपुर पहुंचने से पहले मौत हालत बिगड़ते देख परिजन उसे रात 11 बजे कॉलरी अस्पताल भालूमाड़ा ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन जहर का असर पूरे शरीर में फैल चुका था। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रात 12 बजे जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, अनूपपुर पहुंचने से पहले ही रात करीब 1 बजे विजय ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विजय ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मृतक अपने पीछे 6-7 साल का एक मासूम बेटा छोड़ गया है। जिला अस्पताल अनूपपुर में बुधवार को शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर डायरी भालूमाड़ा थाना भेजी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link