पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में बुधवार, 22 अप्रैल को एक बेकाबू पिकअप वाहन ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कचौरी की ओर से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-21, जी-2815 ने सड़क पर नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार पिकअप ने पहले कचौरी और छह घरा के बीच एक बाइक सवार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ने भागने का प्रयास किया और कुछ ही दूरी पर डोंगरगंवा के पास दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शाहनगर निवासी 18 वर्षीय शैलेंद्र कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है। वहीं, दूसरे बाइक सवार 60 वर्षीय राम सिंह बुंदेला के हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घायल राम सिंह के अनुसार, घटना के बाद राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। शाहनगर थाना पुलिस को सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Source link