Last Updated:
BJP Notice To Preetam Lodhi: पुलिस अधिकारी के खिलाफ आमर्यादित बयानबाजी के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने विधायक प्रीतम लोधी के बयान को पार्टी के अनुशासन के खिलाफ बताया है और उन्हें नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि उन्हें तीन दिनों के अंदर जवाब देने को कहा गया है.
प्रीतम लोधी से बीजेपी ने मांगा जवाब
Preetam Lodhi: मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी अपने बयानों की वजह से चर्चा में छाए हुए हैं. बीते दिनों उनके बेटे दिनेश लोधी ने थार से पहले महिलाओं और फिर बाइक को टक्कर मारी. हादसे में 5 लोग घायल हुए थे. पुलिस ने उस पर एफआईआर दर्ज की थी. बाद में बीजेपी विधायक ने SDOP डॉ. आयुष जाखड़ को कहा था कि करेरा तेरे डैडी का नहीं है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. अब उनके बयान को लेकर पार्टी ने स्पष्टीकरण मांगा है.
BJP ने विधायक को जारी किया नोटिस
अब भारतीय जनता पार्टी ने विधायक प्रीतम लोधी को नोटिस जारी किया है. इसमें पार्टी की तरफ से लिखा गया है कि आपने जो आचरण किया है वह अत्यंत आपत्तिजनक है. 3 दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण दें. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि तीन दिन का समय दिया गया है. नोटिस का जवाब आने के बाद जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस की कार्रवाई से भड़के थे विधायक
विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने तेज रफ्तार में थार गाड़ी चलाते हुए पांच लोगों को टक्कर मार दी थी. इसके बाद दिनेश कार लेकर भाग गया था. पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो उसने धौंस दिखाई और कहा कि उसके पापा विधायक हैं. उसने गाड़ी चलाते समय हॉर्न बजाया था. लेकिन ये लोग ही नहीं हटे. शुरुआत में तो विधायक ने कहा कि कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए? लेकिन जब पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया और उनके बेटे के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी, तो उनके सुर बिगड़ गए और उन्होंने SDOP को भी धमकाया.
विधायक के वीडियो हुए थे वायरल
पुलिस की सख्ती की वजह से ही विधायक प्रीतम लोधी नाराज हो गए और खुलकर SDOP के विरोध में उतर आए. उन्होंने धमकी देने के अंदाज में कहा कि अगर माफी नहीं मांगी गई, तो वह SDOP के घर दस हजार लोगों के साथ पहुंच जाएंगे और पूरा घर गोबर से भरवा देंगे. बाद में उनका एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कहते हुए दिखाई दिए कि एसडीओपी कहता है कि यहां दिख मत जाना. मैं उससे पूछना चाहता हूं कि क्या करैरा तेरे डैडी का है? मेरा बेटा करैरा आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा. तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना.
मध्य प्रदेश विधानसभा 2023 में जब बीजेपी की लहर चली, तो प्रीतम लोधी पिछोर विधानसभा से विधायक बने, तब उन्होंने कांग्रेस के अरविंद सिंह लोधी को हराया था. वहीं 2018 विधानसभा चुनाव में वह मामूली अंतर से हार गए थे.
About the Author
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…और पढ़ें