इंदौर में सफाई काम ठीक नहीं मिलने पर दरोगा निलंबित: सीटीपीटी सुपरवाइजर की 10 दिन की सैलरी काटी, एजेंसी पर 10 हजार की पेनल्टी – Indore News

इंदौर में सफाई काम ठीक नहीं मिलने पर दरोगा निलंबित:  सीटीपीटी सुपरवाइजर की 10 दिन की सैलरी काटी, एजेंसी पर 10 हजार की पेनल्टी – Indore News




इंदौर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल लगातार मैदान में उतरकर निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को भी उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर निगमकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एजेंसियों पर भी पेनल्टी लगाई गई। कमिश्नर ने अरिहंत नगर, लुनियापुरा रेलवे क्रॉसिंग, अन्नपूर्णा तालाब, सैफी नगर रेलवे स्टेशन, राजेंद्र नगर, राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन, कैलाश मार्ग और पुलिस लाइन सहित अन्य इलाकों का निरीक्षण किया। वार्ड 62 के गाड़ी अड्डा रेलवे क्रॉसिंग के पास कचरा और गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित सीएसआई को फटकार लगाई और वार्ड दरोगा रविंद्र खोड़े को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं, वार्ड 6 और 8 के लोहारपट्टी, कैलाश मार्ग, अहिल्यापुरा चौराहा और पुलिस लाइन क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर दरोगा पृथ्वीसिंह चौहान और दुश्यंत बोड़े की एक-एक दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने राजेंद्र नगर स्थित सीटीपीटी (कम्युनिटी टॉयलेट) का भी निरीक्षण किया, जहां सफाई व्यवस्था खराब मिली। वॉश बेसिन गंदे पाए गए और रजिस्टर संधारण में भी अनियमितताएं सामने आईं। इस पर संबंधित एजेंसी पर 10 हजार रुपए की पेनल्टी लगाई गई और सीटीपीटी सुपरवाइजर की 10 दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए गए।



Source link