पनीर-कोफ्ता भूल जाएंगे, जब चखेंगे बघेलखंड का रिकमज, 5 तरह की दाल, दही से बनेगी ये सब्जी

पनीर-कोफ्ता भूल जाएंगे, जब चखेंगे बघेलखंड का रिकमज, 5 तरह की दाल, दही से बनेगी ये सब्जी


Last Updated:

Rikmaj Recipe: विंध्य क्षेत्र की मशहूर रिकमज सब्जी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है और हर मौसम में बड़े चाव से खाई जाती है. बघेलखंड की यह पारंपरिक डिश दाल और दही से बनती है, जिसे पंचरत्न दाल की सब्जी भी कहा जाता है. खट्टी-चटपटी स्वाद वाली यह आसान रेसिपी हर घर में खास जगह रखती है और स्थानीय संस्कृति का अहम हिस्सा है.

Rikmaj Recipe: मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर बसे बघेलखंड क्षेत्र का नाम आते ही यहां के खास पारंपरिक व्यंजनों की याद ताजा हो जाती है. इन्हीं में से एक बेहद लोकप्रिय और स्वादिष्ट डिश है ‘रिकमज’, जिसे स्थानीय लोग बड़े चाव से खाते हैं. यह व्यंजन न केवल स्वाद में अनोखा है, बल्कि बघेलखंड की परंपरा और संस्कृति का भी अहम हिस्सा है.

रिकमज की खासियत है कि यह दाल और दही से तैयार होने वाली एक पारंपरिक सब्जी है, जिसका स्वाद हल्का खट्टा और चटपटा होता है. इसकी गाढ़ी ग्रेवी और देसी फ्लेवर इसे खास बनाते हैं. इसे आम दिनों के साथ-साथ त्योहारों, शादी-ब्याह और खास मौकों पर भी बनाया जाता है. यही वजह है कि यह डिश स्थानीय खानपान में एक खास स्थान रखती है.

पांच दाल से बनती सब्जी
रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि, रिकमज को पंचरत्न दाल की सब्जी भी कहा जाता है, क्योंकि इसे पांच अलग-अलग दालों मूंग, अरहर, चना, मसूर और उड़द को मिलाकर तैयार किया जाता है. सबसे पहले इन दालों को अच्छी तरह धोकर चार से पांच घंटे तक भिगोया जाता है. इसके बाद इन्हें अदरक और हरी मिर्च के साथ दरदरा पीस लिया जाता है.

सबसे पहले इसका पेस्ट बनाएं
इस पेस्ट में हल्दी, जीरा, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और हींग जैसे मसाले मिलाकर अच्छी तरह फेंटा जाता है, ताकि मिश्रण हल्का और फूला हुआ बन जाए. फिर इसे एक चिकनी प्लेट में फैलाकर भाप में पकाया जाता है. ठंडा होने के बाद इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर सरसों के तेल में सुनहरा होने तक तला जाता है, जिसे रिकमज का बेस माना जाता है.

ऐसे बनाएं ग्रेवी
इसके बाद तैयार की जाती है इसकी खास ग्रेवी. टमाटर, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट बनाकर कड़ाही में जीरा, तेजपत्ता, दालचीनी और लौंग के साथ भुना जाता है. इसमें मसाले डालकर पकाने के बाद दही मिलाया जाता है, जिससे ग्रेवी में हल्का खट्टापन आता है। फिर पानी डालकर उबाल आने दिया जाता है.

कसूरी मेथी और हरी धनिया से सजाएं
जब ग्रेवी तैयार हो जाती है, तब इसमें तले हुए रिकमज के टुकड़े, नमक और गरम मसाला डालकर कुछ देर पकाया जाता है. आखिर में कसूरी मेथी और हरी धनिया डालकर इसे सजाया जाता है. रिकमज को रोटी, पराठा या चावल के साथ परोसा जाता है. कई लोग इसे चटनी के साथ खाना भी पसंद करते हैं. इसके अलावा, इसकी कढ़ी भी बनाई जाती है, जिसमें दही या मट्ठा का उपयोग किया जाता है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link