बालाघाट सांसद भारती पारधी ने प्रदेश सरकार के ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण का मुआवजा बढ़ाकर चार गुना करने के निर्णय का स्वागत किया है। गुरुवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने इस कदम को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि इससे किसानों की समृद्धि के साथ प्रदेश के विकास कार्यों को गति मिलेगी। चार गुना मुआवजे से किसान होंगे संतुष्ट सांसद पारधी ने कहा कि पहले कम मुआवजे के कारण किसान जमीन देने में संकोच करते थे, लेकिन अब बाजार दर से चार गुना राशि मिलने पर वे स्वेच्छा से अपनी जमीन देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस राशि का उपयोग किसान अपने परिवार और अन्य आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए कर सकेंगे। हालांकि, फसलों के समर्थन मूल्य पर चुनावी वादों से जुड़े सवाल पर उन्होंने केवल आश्वासन दिया। नारी शक्ति वंदन बिल पर कांग्रेस पर साधा निशाना सांसद ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने के लिए कांग्रेस और विपक्ष को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बिल का विरोध कर देश की महिलाओं का अपमान किया है। उनके अनुसार, पूर्व की विभिन्न सरकारों में भी यह बिल लाया गया था, लेकिन कांग्रेस के दोहरे चरित्र के कारण इसे अब तक लागू नहीं किया जा सका। भारती पारधी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस बिल को परिसीमन के साथ प्रभावी ढंग से लागू करना चाहती थी। यह रहे उपस्थित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता निशांत बिसेन, पूर्व नपाध्यक्ष रमेश रंगलानी और मीडिया प्रभारी हेमेंद्र क्षीरसागर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं ने सरकार के फैसलों को जनहित में दूरगामी परिणाम वाला बताया।
Source link