रीवा जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए कलेक्टर ने बड़ा फैसला लिया है। अब कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं, कक्षा 6 से 12वीं तक के स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशासन के अनुसार, 19 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया था। आने वाले दिनों में भी भीषण गर्मी की संभावना जताई गई है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी प्रकार के स्कूलों पर लागू होगा आदेश यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। शिक्षक दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर अन्य आवश्यक कार्य करेंगे। परीक्षाएं तय समय पर ही होंगी शासन द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं और अन्य आवश्यक गतिविधियां यथावत समय सारणी के अनुसार संचालित की जाएंगी। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश 24 अप्रैल 2026 से प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
Source link