शिवपुरी जिले के बदरवास तहसील क्षेत्र में सिंध नदी के सढ़बूढ़ घाट पर स्थित स्टॉप डेम के चार गेट गुरुवार देर रात अज्ञात लोगों द्वारा खोल दिए गए। इसके परिणामस्वरूप नदी का जल स्तर तेजी से घटने लगा है, जिससे आसपास के ग्रामीण और किसान चिंतित हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कोलारस विधानसभा क्षेत्र में सिंध नदी के कई घाटों पर रेत माफिया सक्रिय हैं और बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन करते हैं। सढ़बूढ़ घाट भी ऐसे ही प्रमुख ठिकानों में से एक है। आरोप है कि रेत माफियाओं ने ही नदी का जल स्तर कम करने के उद्देश्य से स्टॉप डेम के गेट खोले हैं, ताकि पानी घटने पर आसानी से रेत निकाली जा सके। जल स्तक कम होने से किसानों में चिंता बढ़ी
किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह पानी का बहाव जारी रहा, तो क्षेत्र में भूजल स्तर तेजी से गिरेगा। इससे आने वाले दिनों में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है। गर्मी की शुरुआत हो चुकी है और अगले दो महीनों तक तेज गर्मी पड़ने की संभावना है, ऐसे में पानी की कमी से स्थिति और बिगड़ सकती है। इस मामले को लेकर बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव ने बताया कि सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग के साथ एक टीम मौके पर भेजी जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link