अनूपपुर जिले की सरई पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई मंगला दुबे और प्रधान आरक्षक पर हमला करने वाले तीन अज्ञात बदमाशों का सुराग घटना के तीन दिन बाद भी नहीं लग सका है। 22 अप्रैल को हुई इस वारदात में बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर प्राणघातक हमला कर सर्विस रिवाल्वर लूट ली थी। अब पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सहयोग की अपील की है। बकरी चोरी की सूचना पर पहुंचे थे पुलिसकर्मी यह घटना उस समय हुई जब चौकी प्रभारी को ग्राम पंचायत अमगवां में तीन अज्ञात युवकों द्वारा बकरी चोरी और उपद्रव मचाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे एएसआई मंगला दुबे और प्रधान आरक्षक मरावी ने जब भाग रहे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, तो एक आरोपी ने पत्थर से प्रभारी के सिर पर हमला कर दिया। उनके गिरते ही आरोपी सर्विस रिवाल्वर लूटकर जंगल की ओर फरार हो गए। एक साल पहले लूटी बाइक का इस्तेमाल किया पुलिस जांच में यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि हमलावर जिस मोटरसाइकिल को छोड़कर भागे हैं, वह करीब एक साल पहले घुनघुटी-तुम्मी रोड से लूटी गई थी। एसपी मोती उर रहमान के अनुसार, प्रबल आशंका है कि पिछले एक वर्ष से इस बाइक का उपयोग करने वाले गिरोह ने ही पुलिस टीम पर हमला किया है। उमरिया और छत्तीसगढ़ सीमा पर सर्च ऑपरेशन हमलावरों की तलाश में पुलिस की दो विशेष टीमें उमरिया जिले और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में भेजी गई थीं, जो शुक्रवार को खाली हाथ लौट आईं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है और तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है। वहीं घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम एसपी ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस बाइक या संदिग्धों के बारे में जानकारी मिले, तो वे मोबाइल नंबर 7049101013 पर सूचित करें। पुलिस ने जानकारी देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम देने और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखने का आश्वासन दिया है।
Source link