नौगांव में देर रात फिर फूटी पेयजल लाइन: कई वार्डों में पानी की सप्लाई ठप, जल जीवन मिशन के कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई लाइन – Chhatarpur (MP) News

नौगांव में देर रात फिर फूटी पेयजल लाइन:  कई वार्डों में पानी की सप्लाई ठप, जल जीवन मिशन के कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई लाइन – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले के नौगांव में एक बार फिर पेयजल सप्लाई व्यवस्था चरमराती नजर आई। गर्रौली से नौगांव आने वाली मुख्य पेयजल पाइपलाइन गुरुवार देर रात क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बड़े पैमाने पर पानी सड़क पर बहने लगा। घटना के बाद शुक्रवार को शहर के कई वार्डों में जल संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान खुदाई करते समय यह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जैसे ही पाइप फूटी, तेज दबाव के साथ पानी बाहर निकलने लगा और आसपास के इलाके में फैल गया। यह पहली बार नहीं है जब नौगांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हुई हो। इससे पहले भी कई बार इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। बार-बार हो रही लापरवाही ने संबंधित विभाग और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को कई वार्डों में नहीं होगी सप्लाई पाइपलाइन टूटने के कारण गर्रौली से होने वाली पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसके चलते शुक्रवार को नौगांव के कई वार्डों में पेयजल संकट देखने को मिलेगा। लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ सकता है या वैकल्पिक व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ेगा। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन को ठीक कर सप्लाई बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि हर बार इसी तरह की घटनाओं से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।



Source link