उर्रहट के रिहायशी इलाके में सुविधा सर्विसेज पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की है। ड्राई आइस के साथ भारी मात्रा में स्पार्कल बरामद किया है। खास बात यह है कि यह गोदाम एक निजी विद्यालय से महज 10 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहा था, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह कार्यवाही शनिवार शाम हुई। जानकारी के मुताबिक, सुविधा सर्विसेज के संचालक पुष्पराज कुशवाहा द्वारा ड्राई आइस और स्पार्कल सहित अन्य फायरवर्क सामग्री की सप्लाई मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में की जाती है। लेकिन जिस स्थान पर इनका भंडारण किया गया था, वह पूरी तरह से रिहायशी इलाका है, जहां इस तरह की ज्वलनशील सामग्री रखना नियमों के विरुद्ध है। जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित फर्म ने नगर निगम से फायर एनओसी नहीं ली थी और न ही फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। मामले में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर स्पार्कल और ड्राई आइस बरामद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्पार्कल पटाखों की श्रेणी में आता है और इसका भंडारण रिहायशी क्षेत्रों में करना नियमों के खिलाफ है। फिलहाल प्रशासन ने फर्म से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज तलब कर लिए हैं और उनकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
Source link