शहडोल जिले के कंचनपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। सुबह खेत के पास ग्रामीणों ने युवक को फांसी के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अजय बैगा (28) पुत्र विनोद, निवासी वार्ड क्रमांक 18 लालपुर मौहार टोला, थाना बुढार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिजन भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस अब मृतक के परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि अजय द्वारा यह कदम उठाने के संभावित कारणों का पता चल सके। सोहागपुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
Source link