Last Updated:
भिंड के लहरौली गांव में एक बहू ने सोने के गहने हड़पने के लिए फर्जी डकैती की कहानी रच दी. दीवार में सेंध लगाकर और घर का सामान बिखेरकर घटना को असली दिखाने की कोशिश की गई. पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आई और करीब 12 लाख रुपये के गहने खेत से बरामद कर लिए गए.
भिंड में डकैती की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है.
भिंड. जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक बहू ने अपने ही घर में डकैती का झूठा ड्रामा रचकर पूरे परिवार को चौंका दिया. सोने के गहनों को हड़पने की नीयत से बनाई गई यह साजिश पहली नजर में पूरी तरह असली लग रही थी. दीवार में सेंध, टूटी अलमारी और बिखरा सामान देखकर किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन पुलिस की जांच ने इस कहानी का सच सामने ला दिया. पुलिस अफसर ने बताया कि घटनास्थल देखकर ही शक हो गया था कि यह काम किसी बाहरी का ना होकर घरवाले का ही हो सकता है.
पुलिस ने बताया कि घटना ऊमरी थाना क्षेत्र के लहरौली गांव की है, जहां करीब 12 लाख रुपये के सोने के जेवर गायब होने की सूचना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. महिला ने दावा किया कि बदमाश घर में घुसे, मारपीट की और जेवर लूटकर फरार हो गए. लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी में कई झोल सामने आने लगे. पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच ने आखिरकार इस झूठे डकैती कांड का पर्दाफाश कर दिया.
गहनों के लिए रची साजिश, अलमारी खुली छोड़ी, घर का सामान बिखेर डाला
जानकारी के मुताबिक, लहरौली गांव निवासी परिवार शादी समारोह में गया था. घर पर बहू मालती अकेली थी. इसी दौरान उसने योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया. उसने घर के पीछे दीवार में खुद ही सेंध लगाई और अलमारी तोड़कर जेवर निकाल लिए. घटना को असली दिखाने के लिए घर का सामान बिखेरा गया. अलमारी खुली छोड़ी गई और कमरे को अस्त-व्यस्त कर दिया गया. इसके बाद महिला ने जेवर खेत में छुपा दिए. सुबह होते ही उसने शोर मचाकर गांव वालों को बुलाया और डकैती की कहानी सुनाई.
पुलिस को ऐसे हुआ शक, महिला ने बार-बार बयान बदले
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. महिला के बयान बार-बार बदल रहे थे. शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले. पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच की. आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की. कड़ी पूछताछ के दौरान महिला टूट गई और उसने सच्चाई कबूल कर ली. उसने बताया कि उसने खुद ही जेवर छुपाए थे. उसकी निशानदेही पर खेत से सभी गहने बरामद कर लिए गए. पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें