श्योपुर में मंदिर की तिजोरी तोड़कर चोरी: बदमाश 50 हजार रुपए नकदी लेकर भागे, थाने में नहीं की गई शिकायत – Sheopur News

श्योपुर में मंदिर की तिजोरी तोड़कर चोरी:  बदमाश 50 हजार रुपए नकदी लेकर भागे, थाने में नहीं की गई शिकायत – Sheopur News




श्योपुर के बड़ौदा इलाके में चोरों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब वे मंदिरों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। बागलदा गांव के जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोला और मंदिर की तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 50 हजार रुपए समेट ले गए। चोरी का पता शनिवार सुबह तब चला जब ग्रामीण मंदिर में पूजा करने पहुंचे। वहां मंदिर का दरवाजा खुला था और अंदर तिजोरी टूटी पड़ी थी। तिजोरी से नकदी गायब देख पूरे गांव में खबर फैल गई और मंदिर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी गुस्सा है कि चोर अब भगवान के घर को निशाना बना रहे हैं। गश्त न होने से चोरों के हौसले बुलंद गांव वालों का आरोप है कि पुलिस रात में गश्त नहीं करती, जिसका फायदा उठाकर चोर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिले में पहले भी मंदिरों में चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ढिलाई की वजह से चोर पकड़े नहीं जाते। ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई जाए और पुलिस रात में पहरा दे। पुलिस को शिकायत का इंतजार बड़ौदा पुलिस का कहना है कि फिलहाल उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही ग्रामीण रिपोर्ट दर्ज कराएंगे, जांच शुरू कर दी जाएगी और चोरों को पकड़ने की कोशिश की जाएगी।



Source link