झाबुआ के पेटलावद स्थित महावीर कॉलोनी में शनिवार दोपहर लूट की घटना हुई। भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक और महावीर समिति के अध्यक्ष संजय भंडारी की पत्नी निशा भंडारी से सोने की चेन झपट ली गई। छीनी गई चेन का वजन करीब 20 ग्राम और उसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है। यह घटना दोपहर करीब 4:15 बजे हुई, जब निशा भंडारी अपनी पोती को कोचिंग छोड़कर घर लौट रही थीं। लुटेरों ने घात लगाकर उनके गले से चेन झपटी। सीसीटीवी फुटेज में पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध बदमाश वारदात से पहले इलाके में रेकी करते हुए कैद हुए हैं। लूट के बाद आरोपी माधव कॉलोनी की गली से होते हुए श्रद्धांजलि चौक और फिर बामनिया की ओर तेजी से फरार हो गए। सूचना मिलने पर टीआई निर्भयसिंह भूरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर पूरे रास्ते के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है, जिसमें बदमाशों का हुलिया नजर आ रहा है। पेटलावद नगर में पिछले दस दिनों के भीतर यह चौथी बड़ी वारदात है। इससे पहले इसी गली में एक व्यक्ति से मोबाइल और कड़ा लूटने की घटना हो चुकी है। वहीं, थांदला रोड पर पंकज ट्रेडर्स के यहां सेंधमारी और एक कियोस्क सेंटर से 10 हजार रुपए की चोरी की घटनाएं भी सामने आई थीं। पिछली वारदातें रात के अंधेरे में हुई थीं, लेकिन शनिवार की यह घटना दिनदहाड़े हुई है। लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर स्थानीय निवासियों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Source link