विदिशा में महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता माधवगंज से भाजपा कार्यालय घेरने के लिए रैली निकाल रही थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। रैली को रोकने के लिए पुलिस ने दो स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी। जब कार्यकर्ता आगे बढ़ीं, तो पुलिस से हल्की झड़प हुई। इसके बाद महिला कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगीं, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। यह रैली महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रियंका किरार के नेतृत्व में निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तीन तस्वीरों में देखिए प्रदर्शन ‘आरक्षण लागू करने में हो रही देरी’ प्रियंका किरार ने आरोप लगाया कि 2023 में लोकसभा से पारित महिला आरक्षण कानून को केंद्र सरकार जानबूझकर लागू नहीं कर रही है और परिसीमन का बहाना बनाकर महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर किया गया है। मांग है कि लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण तुरंत लागू किया जाए। प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link