सीधी जिले के केशलार गांव में शनिवार तड़के एक तेंदुआ घर में घुस गया। तेंदुए ने 62 वर्षीय बुजुर्ग चैनपति बैस पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद गांव में करीब 6 घंटे तक दहशत का माहौल रहा। यह घटना भुईमाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रात करीब 2 बजे हुई। तेंदुआ अचानक चैनपति बैस के घर में घुसा और उन पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घर के अन्य सदस्य चीख-पुकार मचाते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घायल बुजुर्ग को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुईमाड़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुशमी रेफर कर दिया गया। तेंदुआ करीब 6 घंटे तक उसी घर के अंदर मौजूद रहा, जिससे पूरे गांव में भय और तनाव बना रहा। ग्रामीणों ने खुद को अपने घरों में बंद कर लिया और सुबह होने का इंतजार करते रहे।
Source link