MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें: झोपड़ी में जले 7 लाख रुपए, मंत्री के भाई ने लेडी ऑफिसर को धमकाया, धीरेंद्र शास्त्री बोले-4 बच्चे पैदा करो – Madhya Pradesh News

MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:  झोपड़ी में जले 7 लाख रुपए, मंत्री के भाई ने लेडी ऑफिसर को धमकाया, धीरेंद्र शास्त्री बोले-4 बच्चे पैदा करो – Madhya Pradesh News


MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

.

दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास…

1. देवास की झोपड़ी में सात लाख रुपए के नोट जले, ढाई लाख की अधजली गडि्डयां मिलीं

देवास में शनिवार को 4 झोपड़ियों में आग लग गई। इसमें एक व्यापारी के करीब सात लाख रुपए जल गए। मौके से ढाई लाख रुपए के अधजले नोटों की गडि्डयां मिली हैं। आग की लपटों से झोपड़ियों के पास में बने खाटूश्याम मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है। झोपड़ी मालिक बाबूलाल नाथ ने बताया कि वह साबूदाना, निरमा, प्लास्टिक टब आदि अलग-अलग राज्यों में बेचने जाते हैं। पिछले दिनों महाराष्ट्र में सामान बेचकर लौटे थे। घर में करीब 7 लाख रुपए अलग-अलग हिस्सों में बांटकर रखे थे। पढ़ें पूरी खबर…

2. मंत्री के भाई ने लेडी CEO को धमकाया, मारने दौड़े; इंदर सिंह ने कहा- जिंदा गाड़ दूंगा

मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान के खिलाफ महिला सीईओ को धमकाने, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। घटना 22 अप्रैल की है। जब इंदर सिंह चौहान, आलीराजपुर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग पर भड़क गए थे। वे कन्या विवाह योजना में पहले से विवाहित आवेदकों के आवेदन निरस्त किए जाने को लेकर नाराज थे। आरोप है कि इंदर सिंह, महिला सीईओ को मारने दौड़े। धमकाया, ‘तेरे दांत तोड़ दूंगा। तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा।’ पढे़ं पूरी खबर…

3. दिल्ली-इंदौर एअर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खराबी, रनवे से लौटा विमान; यात्रियों की एयरपोर्ट पर नारेबाजी

दिल्ली से इंदौर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2515 को तकनीकी खराबी के चलते रनवे से वापस टर्मिनल पर लाना पड़ा। रनवे पर खड़ी फ्लाइट के अंदर एसी भी बंद कर दिया गया। भीषण गर्मी और बंद केबिन में घंटों फंसे रहने से यात्रियों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद एअर इंडिया ने फ्लाइट को रद्द कर दिया। परेशान पैसेंजर ने रिफंड की मांग को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर नारेबाजी कर दी। उन्होंने एयरलाइन पर सुरक्षा से खिलवाड़ और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाया। ये फ्लाइट रोजाना दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 1:45 बजे इंदौर पहुंचती है। पढ़ें पूरी खबर…

4. बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर बोले- 4 बच्चे पैदा करो, एक RSS को दो; स्वयंसेवक आपदा में लोगों की जान बचाते हैं

बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- ‘आप चार बच्चे पैदा करो। उनमें से एक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को दे दो, ताकि वह दूसरों को बचाने के काम आए।’ उन्होंने ये बात नागपुर में विश्व के पहले ‘भारतदुर्गा मंदिर’ के शिलान्यास समारोह में कही। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी मौजूद थे। शास्त्री ने कहा- जब कहीं आपदा आती है, तो लोग जान बचाकर भागते हैं, लेकिन संघ के कार्यकर्ता वहां जाकर लोगों की जान बचाते हैं। पढ़ें पूरी खबर…

5. इंदौर में ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ने किया सुसाइड, पुलिस क्वार्टर में मिला शव; दिल्ली पुलिस में हो गया था सिलेक्शन

इंदौर में ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा के अनुसार, चौथी पलटन स्थित पुलिस क्वार्टर की पहली मंजिल पर रहने वाले अंकित तोमर (29) ने फांसी लगा ली। कमरे की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। ऐसे में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अंकित का चयन दिल्ली पुलिस में हो चुका था। वह 3-4 महीने में ज्वॉइन करने वाला था। वह अविवाहित था और एसीपी ट्रैफिक ईस्ट कार्यालय में क्लेरिकल वर्क देख रहा था। पढे़ं पूरी खबर…

6. बस ने बाइक सवारों को कुचला, 3 दोस्तों की मौत; भिंड में बाइक को 5KM तक घसीटा

भिंड में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार 4 युवकों को कुचल दिया। बस बाइक को करीब 5 किलोमीटर तक घसीटती ले गई, जिससे सड़क पर चिंगारियां उठती रहीं। हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक है। बस को रोकने के लिए एक कार सवार ने पीछा भी किया। कई बार हॉर्न बजाने के बावजूद ड्राइवर ने बस नहीं रोकी। वह बाइक को पुरा से उमरी कस्बे तक घसीटता रहा। जैसे ही बस रुकी, यात्री डर के मारे बाहर कूदकर भागने लगे। इसी दौरान बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पढ़ें पूरी खबर…

7. MP में स्कूलों की छुट्‌टी नहीं, गर्मी से बच्चे परेशान; खजुराहो में 44 डिग्री तापमान, मंदसौर में बारिश

मध्य प्रदेश में इन दिनों सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे होने लगते हैं। दोपहर में तपिश बढ़ जाती है। इसके बावजूद भोपाल के सेंट जोसेफ स्कूल को छोड़कर कहीं समर वेकेशन घोषित नहीं किया गया है। टाइमिंग जरूर घटाई गई, लेकिन बच्चे दोपहर में ही घर पहुंच पाते हैं। शनिवार को मंदसौर में शाम करीब 4:45 बजे तेज धूप के बीच ही बारिश हो गई। इससे पहले शुक्रवार को छतरपुर का खजुराहो सबसे गर्म रहा। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। पढ़ें पूरी खबर…

पॉजिटिव खबर

8. श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार करना सीख रही MP पुलिस, सिंहस्थ से पहले उज्जैन में ट्रेनिंग

उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है, ताकि मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके। उज्जैन के पुलिस लाइन स्थित कम्युनिटी हॉल में 22 अप्रैल से 21 दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। ट्रेनिंग को दो सत्रों में बांटा गया है। थ्योरी के साथ-साथ फील्ड विजिट भी कराया जा रहा है। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि ट्रेनिंग में भीड़ प्रबंधन, गर्मी में लंबी ड्यूटी, श्रद्धालुओं से व्यवहार, स्वास्थ्य का ध्यान रखने जैसे करीब 41 विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…

खबर जरा हटके

9. पति की बहन को सौतन बताकर पत्नी ने लिया तलाक; कोर्ट में फैमिली फोटो को दूसरी शादी का सबूत दिखाया

एक महिला ने पति से तलाक पाने के लिए ननद को ही सौतन बता दिया। महिला ने फैमिली फोटो को पति की दूसरी शादी का सबूत बताकर कुटुंब न्यायालय से एकतरफा तलाक की डिक्री हासिल कर ली। अब पति ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। ग्वालियर की रहने वाली 46 वर्षीय महिला की शादी साल 1998 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पति एक मार्केटिंग कंपनी में अधिकारी है और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और साल 2015 में महिला अलग रहने लगी। पढ़ें पूरी खबर…

कल का बिग इवेंट

10. गोवंश हत्या के विरोध में औबेदुल्लागंज में प्रदर्शन

रायसेन के औबेदुल्लागंज में रविवार को गोवंश हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल प्रदर्शन करेंगे। प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की जाएगी।



Source link