‘मैं सिर्फ बल्ले से जवाब देना चाहता था’… गेंदबाज के कमेंट पर बोले सूर्यवंशी

‘मैं सिर्फ बल्ले से जवाब देना चाहता था’… गेंदबाज के कमेंट पर बोले सूर्यवंशी


होमखेलक्रिकेट

‘मैं सिर्फ बल्ले से जवाब देना चाहता था’… गेंदबाज के कमेंट पर बोले सूर्यवंशी

Last Updated:

vaibhav sooryavanshi statement: ‘अपमान का बदला, ऐतिहासिक शतक से!’ पिछले मैच में प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर शून्य पर आउट होने और उनके तीखे बयानों से आहत वैभव सूर्यवंशी ने जयपुर में बल्ले से करारा जवाब दिया. हिंगे के पहले ही ओवर में लगातार 4 छक्के जड़कर वैभव ने उनके हौसले पस्त कर दिए. अपनी जिद और जुनून के दम पर उन्होंने महज 36 गेंदों में आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक ठोक दिया. वैभव ने साबित किया कि महान खिलाड़ी जुबान से नहीं, अपने खेल से आलोचकों का मुंह बंद करते हैं.

Zoom

वैभव सूर्यवंशी का कहना है कि वह मुंह की बजाय बल्ले से जवाब देना चाहते हैं.

नई दिल्ली. आईपीएल के इतिहास में कई बार खिलाड़ियों के बीच जुबानी जंग देखने को मिली है, लेकिन जब एक युवा जोश अपने अपमान का बदला बल्ले से लेता है, तो वह कहानी खेल के पन्नों में अमर हो जाती है. राजस्थान रॉयल्स के उभरते हुए सितारे और भारतीय क्रिकेट के भविष्य वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में कुछ ऐसा ही कर दिखाया. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में शून्य पर आउट होने का दर्द कम था, लेकिन उसके बाद गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे के कमेंट ने आग में घी डालने का काम किया. वैभव ने इसका जवाब न तो सोशल मीडिया पर दिया और न ही मैदान पर जुबान से, उन्होंने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में अपनी बल्लेबाजी से वो ‘शोर’ मचाया जिसने हिंगे की बोलती बंद कर दी.

इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजों के लिए काल बने हुए हैं. जसप्रीत बुमराह और जोश हेज़लवुड जैसे दिग्गज, जिनके नाम से दुनिया के अच्छे-अच्छे बल्लेबाज कांपते हैं, उन्हें वैभव ने बड़ी आसानी से बाउंड्री के पार भेजा है. लेकिन प्रफुल्ल हिंगे ने पिछले मैच में वह कर दिखाया जो नामुमकिन लग रहा था. हिंगे ने एक तीखी, शॉर्ट-पिच गेंद का इस्तेमाल किया जिसने वैभव को हैरान कर दिया. वैभव ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में गई और वह डक (0) पर पवेलियन लौट गए.

वैभव सूर्यवंशी का कहना है कि वह मुंह की बजाय बल्ले से जवाब देना चाहते हैं.

मैच के बाद हिंगे ने कुछ ऐसी बातें कहीं जो युवा वैभव को चुभ गईं. राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर से बातचीत के दौरान वैभव ने इस दर्द को साझा किया. उन्होंने कहा, ‘पिछली बार आउट होने के बाद जब मैंने अपना फोन चेक किया, तो मैंने बहुत कुछ देखा. आमतौर पर मैं इन चीजों पर ध्यान नहीं देता, लेकिन जब कोई व्यक्तिगत रूप से कुछ कहता है, तो वह मुझे थोड़ा प्रभावित करता है. मैंने वहीं तय कर लिया था कि अगली बार जब सामना होगा, तो जवाब सिर्फ बल्ले से होगा.’

जयपुर में ‘सूर्य’ का प्रचंड कोहराम
12 दिन बाद जब राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला जयपुर में हुआ, तो सारा ध्यान पहले ओवर पर था. सूर्यवंशी एक स्पष्ट रणनीति के साथ उतरे थे. उन्हें पता था कि हिंगे उन्हें फिर से शॉर्ट बॉल से आजमाने की कोशिश करेंगे. लेकिन इस बार वैभव तैयार थे. जैसे ही हिंगे ने पहला ओवर शुरू किया, सवाई मानसिंह स्टेडियम एक ऐतिहासिक मंजर का गवाह बना. वैभव ने पहली गेंद से ही आक्रमण शुरू किया और हिंगे की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी. लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़कर वैभव ने न सिर्फ हिंगे को आक्रमण से बाहर होने पर मजबूर किया, बल्कि उनके आत्मविश्वास की धज्जियां भी उड़ा दीं.

36 गेंदों में शतक
हिंगे के खिलाफ उस विस्फोटक शुरुआत ने पूरे मैच की लय तय कर दी. वैभव थमे नहीं और मैदान के चारों ओर शॉट्स की बौछार कर दी. उन्होंने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है. दिलचस्प बात यह है कि यह वैभव का दूसरा आईपीएल शतक था. इससे पहले उन्होंने IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जयपुर में ही 35 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी. इस पारी के साथ उन्होंने साबित कर दिया कि वह ‘वन हिट वंडर’ नहीं, बल्कि एक लंबी रेस के घोड़े हैं.

आलोचकों को बल्ले से करारा जवाब
वैभव की यह पारी केवल रन बनाने के बारे में नहीं थी, बल्कि यह उनके चरित्र की परीक्षा थी. एक युवा खिलाड़ी पर जब दबाव होता है और उसके खिलाफ ‘पर्सनल’ बातें कही जाती हैं, तो अक्सर वह बिखर जाता है. लेकिन सूर्यवंशी ने अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी. रोमी भिंडर से बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि वह बहुत सी बातें कही गई थीं जिन्हें वह गलत साबित करना चाहते थे. जब हिंगे को उनके स्पेल के बीच में ही हटाना पड़ा, तो वैभव की आंखों में एक अलग चमक थी एक विजेता की चमक जिसने अपने स्वाभिमान की रक्षा अपने टैलेंट से की थी.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Source link