सर्व ब्राह्मण महासभा ने निकाली शोभायात्रा: भक्ति गीतों की रही गूंज, समाज ने दिया एकता का संदेश – Sheopur News

सर्व ब्राह्मण महासभा ने निकाली शोभायात्रा:  भक्ति गीतों की रही गूंज, समाज ने दिया एकता का संदेश – Sheopur News




सर्व ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में रविवार को शहर में भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली गई। इस आयोजन में जिलेभर से पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे ब्राह्मण समाज के महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शहरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के लिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से समाजजन शाम 4 बजे से रामतलाई हनुमान मंदिर पर एकत्रित होने लगे थे। हालांकि, निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से यात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे धर्म ध्वज लिए युवा चल रहे थे, वहीं बैंड पार्टी भक्ति गीतों की मधुर धुनें बजा रही थी। यात्रा में एक रथ पर वैदिक गुरुकुल के विद्यार्थी धोती-कुर्ता में सुसज्जित होकर वेद मंत्रों का पाठ करते नजर आए। घोड़ा बग्घी पर सजी भगवान परशुराम की आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यह शोभायात्रा रामतलाई से जयस्तंभ चौक, गुलंबर, मुख्य बाजार और किला रोड होते हुए परशुराम मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और जगह-जगह स्वागत से वातावरण भक्तिमय बना रहा। देर शाम किला रोड स्थित परशुराम मंदिर में महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। इस तरह तीन दिवसीय परशुराम जयंती महोत्सव श्रद्धा और सामाजिक समरसता के साथ संपन्न हुआ।



Source link