Last Updated:
Balaghat News: बालाघाट की राजनीति में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां घर और राजनीति के बीच की दीवार पूरी तरह गिर गई है. पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने अपनी पत्नी और कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे पर सार्वजनिक रूप से तीखा हमला बोला है. देखें ये रिपोर्ट…
बालाघाट पूर्व सांसद ने विधायक पत्नी की कार्यशैली पर उठाए सवाल.
रिपोर्ट: चितरंजन नेरकर
Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में इन दिनों एक पारिवारिक और राजनीतिक ड्रामा चर्चा का केंद्र बना हुआ है. यह मामला किसी आम आदमी का नहीं, बल्कि जिले के दो बड़े रसूखदार राजनेताओं का है. पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने अपनी ही पत्नी अनुभा मुंजारे, जो बालाघाट से कांग्रेस की विधायक हैं, पर तीखा जुबानी हमला किया है.
“मेरा घर छोड़ा, अब कांग्रेस भी छोड़ दो”
कंकर मुंजारे अपनी पत्नी की मौजूदा राजनीतिक कार्यप्रणाली से काफी नाराज नजर आ रहे हैं. उन्होंने सार्वजनिक रूप से एक बड़ा बयान देते हुए कहा, अनुभा मुंजारे को अब कांग्रेस में रहने की कोई जरूरत नहीं है. मुंजारे ने बेहद तल्ख लहजे में कहा, जिस तरह से विधायक बनने के बाद अनुभा ने उनका ‘घर’ छोड़ दिया है, वैसे ही अब उन्हें अपना दूसरा घर यानी कांग्रेस को भी छोड़ देना चाहिए. उन्होंने सलाह दी कि अनुभा को अब भाजपा के ‘तीसरे घर’ में शामिल हो जाना चाहिए.
गौरीशंकर बिसेन के साथ मंच साझा करने पर उठाए सवाल
इस पूरे विवाद की मुख्य वजह भाजपा नेता गौरीशंकर बिसेन के साथ अनुभा मुंजारे की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता बताई जा रही है. कंकर मुंजारे ने याद दिलाया कि विधानसभा चुनाव में अनुभा मुंजारे ने ही भाजपा के कद्दावर नेता गौरीशंकर बिसेन को 30 हजार वोटों के बड़े अंतर से धूल चटाई थी. लेकिन, अब वही अनुभा, बिसेन के साथ मिलकर कार्यक्रमों में फीता काट रही हैं.
अपने पद का तो ख्याल करें
मुंजारे ने नाराजगी जताते हुए कहा, सरकारी कार्यक्रमों के जो कार्ड छपते हैं, उनमें गौरीशंकर बिसेन का नाम ऊपर और विधायक अनुभा का नाम तीसरे नंबर पर होता है. इसके बावजूद वह उन कार्यक्रमों में शामिल होती हैं. उन्होंने कहा कि अनुभा को कम से कम अपने विधायक पद के सम्मान का तो ख्याल रखना चाहिए.
“दिन में गाली, रात में एक ही थाली में खाना”
पूर्व सांसद ने जिले की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा, यहां भाजपा और कांग्रेस के नेता ‘एक ही थाली के चट्टे-बट्टे’ हैं. उन्होंने संगीन आरोप लगाया कि ये नेता जनता को दिखाने के लिए दिन में मंच से एक-दूसरे को गाली देते हैं, लेकिन रात होते ही ये सब एक ही थाली में बैठकर खाना खाते हैं.
आप सांसदों से तुलना
मुंजारे ने अनुभा मुंजारे की तुलना आम आदमी पार्टी के उन सांसदों से की जो अपनी पार्टी छोड़कर जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि अनुभा को यह सोचना चाहिए कि लोग उनके इस आचरण पर क्या कहेंगे. फिलहाल, बालाघाट की यह घरेलू और राजनीतिक लड़ाई पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोर रही है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें