Last Updated:
मध्य प्रदेश की सियासत में एक नया विवाद सामने आया है. राज्य के कद्दावर मंत्री राकेश सिंह पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अरविंद शाह को धमकाने के आरोप लगे हैं, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. किसी प्रशासनिक मामले को लेकर मंत्री और अधिकारी के बीच तीखी बातचीत हुई, जिसके बाद यह मामला विवाद में आ गया. आरोप है कि बातचीत के दौरान मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारी को अपमानित भी किया है. इस मामले को लेकर IAS एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है.
मंत्री राकेश सिंह और IAS के बीच विवाद
जबलपुर. मध्यप्रदेश सरकार में PWD मंत्री राकेश सिंह और एक IAS के बीच विवाद ने प्रशासनिक हलकों में सरगर्मी बढ़ा दी है. आरोप है कि मंत्री राकेश सिंह ने स्मार्ट सिटी जबलपुर के सीईओ आईएएस अधिकारी अरविंद शाह को बंगले पर बुलाकर न सिर्फ उनसे अभद्रता की बल्कि उन्हें अपमानित भी किया. मामले को लेकर IAS एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से इस मामले की शिकायत की और कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मामला आपसी बातचीत से सुलझाने पर सहमति तो बन गई. लेकिन IAS लॉबी में मंत्री जी के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई जा रही है.
दरअसल, स्मार्ट सिटी जबलपुर में कार्यरत महिला कर्मचारी दिलप्रीत भल्ला ने आरोप लगाया था कि कार्यालय में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का वेतन माह के पहले सप्ताह में आ जाता है. लेकिन उनका मार्च का वेतन 10 अप्रैल तक नहीं आया. इस बात को लेकर जब दिलप्रीत भल्ला ने स्मार्ट सिटी के सीईओ से वेतन रोकने की वजह पूछी तो सीईओ अरविंद शाह ने उन्हें न सिर्फ अपमानित किया बल्कि उन्हें ये कहकर चैम्बर से बाहर निकाल दिया कि उन्हें तो कभी ऑफिस में देखा ही नहीं.
तू दो कौड़ी की कर्मचारी और मैं एक IAS
अपने शिकायती पत्र में दिलप्रीत भल्ला ने आरोप लगाया कि मंत्री राकेश सिंह के दखल के बाद CEO ने उन्हें चैंबर में बुलाकर कहा कि तू दो कौड़ी की कर्मचारी और मैं एक IAS हूं. मैं किसी मंत्री मिनिस्टर से नहीं डरता और न किसी दबाव में काम करता हूं. दिलप्रीत का आरोप है कि जब वो चैंबर से बाहर आ रही थी तो सीईओ ने मंत्री राकेश सिंह के लिए भी अपशब्द कहे और उन्हें भी देख लेने की बात कही. मामले को तूल पकड़ता देख मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार और स्मार्ट सिटी के सीईओ अरविंद शाह को घर बुलाकर महिला कर्मचारी से ऐसी भाषा के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई और महिला कर्मचारी से तुरंत माफी मांगने को कहा.
IAS अरविंद शाह का आरोप
उधर दूसरी ओर स्मार्ट सिटी के CEO अरविंद शाह का आरोप है कि मंत्री राकेश सिंह ने अपने बंगले में बुलाकर उन्हें 30 मिनट तक अपमानित किया. अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके चयन को लेकर भी सवाल उठाए और उन्हें सिंगरौली तक परेड कराकर वापस भेजने की बात भी कही.
IAS एसोसिएशन ने जताई आपत्ति
बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर IAS एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की है. दावा ये भी किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया है लेकिन दोनों पक्षों के तेवर को देखते हुए ऐसा लग नहीं रहा है. बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी दिलप्रीत भल्ला ने नोटरी के समक्ष पेश किए गए कानूनी शपथ पत्र में इस बात की पुष्टि की है कि उनके द्वारा IAS अरविंद शाह के खिलाफ की गई शिकायत पूरी तरह सही है. पूरे मामले को लेकर IAS लॉबी और कर्मचारियों के बीच अंदर ही अंदर शीत युद्ध चल रहा है. ऐसे में मंत्री राकेश सिंह पर IAS को धमकाने के आरोप ने पूरे विवाद को नया मोड़ दे दिया है.
About the Author
with more than more than 5 years of experience in journalism. It has been two and half year to associated with Network 18 Since 2023. Currently Working as a Senior content Editor at Network 18. Here, I am cover…और पढ़ें